6 शहीदों के परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में दिल्ली सरकार ने दिए 1-1 करोड़ रुपए , पढें पूरी खबर

Ten News Network

नई दिल्ली :– दिल्ली सरकार ने आज महत्वपूर्ण कदम उठाए है, जिसकी जानकारी दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रेस वार्ता करते हुए दी। मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली सरकार देश की सेवा करते हुए शहीद हुए जवानों के परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।

उन्होंने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा जवानों का शहीद होना एक अपूरणीय क्षति होती है। केजरीवाल सरकार ने सत्ता में आने के बाद ऐसे कर्मियों के परिवारों को अनुग्रह राशि मुहैया करने के लिए योजना शुरू की है, ताकि यह उनके लिए आय का स्रोत बन सके और वे गरिमा के साथ जीवन जी सकें।

कोरोना काल में देश की सेवा करने वाले 6 शहीदों के परिवार को दिल्ली सरकार ने 1-1 करोड़ रुपए की मदद की है। मनीष सिसोदिया ने कहा कि दिल्ली सरकार ने तीन वायुसेना अफसरों, दिल्ली पुलिस के 2 कर्मियों और सिविल डिफेंस सुरक्षाकर्मी के परिवार को 1-1 करोड़ रुपए की वित्तीय मदद देने का फैसला किया गया है।

मनीष सिसोदिया ने बताया कि इन सभी ने कोरोना काल में ड्यूटी के दौरान अपनी जान गंवाई है। दिल्ली पुलिस के एसीपी स्वर्गीय संकेत कौशिक, दिल्ली के रजोकरी फ्लाईओवर पर वाहनों की चैकिंग के दौरान एक ट्रक ने इन्हें टक्कर मार दी थी। किसी गलत तरीके से आ रहे वाहन को रोकने की कोशिश के दौरान दुर्घटना हुई। मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई थी।

मनीष सिसोदिया ने कहा की राजेश कुमार, एयरफोर्स , सुनीत मोहंती, एयरफोर्स, मीत कुमार, एयरफोर्स, विकास कुमार, दिल्ली पुलिस, प्रवेश कुमार, सिविल डिफेंस के परिजनों को 1-1 करोड़ की आर्थिक सहायता दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.