दिल्ली : मंडोली जेल में बंद 25 कैदियों ने खुद को चोट पहुँचाई, जाँच शुरू, पढें पूरी खबर

Ten News Network

नई दिल्ली:– दिल्ली के मंडोली की जेल नंबर 11 में 25 कैदियों ने खुद को चोट पहुँचाकर घायल हुए है। वही घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, प्राथमिक उपचार देने के बाद घायलों को वापस जेल भेज दिया।

तिहाड़ जेल के महानिदेशक संदीप गोयल ने बताया कि दो कैदी बिना किसी कारण के वार्ड से बाहर जाना चाहते थे। कैदियों को बाहर जाने से मना कर दिया तो वे खुद को चोट पहुंचाने लगे।

इसके बाद वे अन्य कैदियों को भी खुद को चोट पहुंचाने के लिए उकसाने लगे। इसके बाद अन्य कैदियों ने भी खुद को चोट पहुंचाई। उन्होंने बताया कि मामले में आगे जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

मंडोली जेल में कैदियों द्वारा खुद को नुकसान पहुंचाने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले पिछले महीने ही 25 कैदियों ने खुद को जेल के अंदर टाइल्स और अन्य नुकीली चीजों से खुद को घायल किया था। तब उन्होंने जेल कर्मी व अन्य कैदियों पर आरोप लगाया था कि इन लोगों ने उन पर हमला कर उनकी हत्या करने की कोशिश की है, लेकिन वहां लगे सीसीटीवी कैमरों ने उनकी पोल खोलकर रख दी थी।

उस मामले में भी जेल अधिकारियों ने बताया था कि कैदी वार्ड में घूमने के लिए अनुमति मांग रहे थे, जिसके लिए मना कर दिया गया था। जेल अधिकारियों ने बताया कि तय समय के बाद के वार्ड में टहलने नहीं दिया जाता है, लेकिन ये कैदी नियम तोड़ना चाहते थे। मना करने पर उन्होंने हुड़दंग मचाना शुरू कर दिया और खुद को नुकसान पहुंचाने लगे थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.