नई दिल्ली :– दिल्ली में लॉकडाउन को एक सप्ताह के लिए 31 मई तक बढ़ा दिया गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कोविड-19 के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए राजधानी में लागू लॉकडाउन को 31 मई सुबह 5 बजे तक बढ़ाने की घोषणा की।
आपको बता दें कि दिल्ली में 19 अप्रैल को लॉकडाउन लागू किया गया था। इसकी अवधि पांचवी बार बढ़ाई है। मेट्रो ट्रेन सेवाओं के निलंबन समेत लॉकडाउन के तहत प्रतिबंध लागू रहेंगे।
केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के लोगों से राय ली। लोगों की राय है कि एक हफ्ते के लिए लॉकडाउन को और बढ़ा दिया जाए। सीएम ने कहा कि यदि अभी लॉकडाउन को खोल दिया गया तो ऐसे में पिछले एक महीने की मेहनत पर पानी फिर जाएगा।
सीएम ने कहा कि यदि केस ऐसे ही कम होते रहे तो 31 मई से अनलॉक की प्रक्रिया को शुरू करेंगे। सीएम ने कहा कि कोरोना पर पॉजिविटी रेट जो 36% पर पहुंच गई थी वह अब 3.5% पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार की शीर्ष प्राथमिकता दिल्ली के दो करोड़ लोगों को जल्द से जल्द वैक्सीन लगाई जाए। केजरीवाल ने कहा कि हमने तीन महीने के अंदर सभी को वैक्सीन लगाने के लिए पूरी योजना बना ली है। केजरीवाल ने कहा कि वैक्सीन की पूरे देश में कमी है। सीएम ने तीसरी लहर का जिक्र करते हुए कहा कि हमें इसके लिए पूरी शिद्दत के साथ तैयारी करनी है। उन्होंने कहा कि यदि सबको वैक्सीन लग गई तो शायद तीसरी लहर से हम सब बच सकते हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में लॉकडाउन का अच्छा असर देखा जा रहा है। आज कोरोना की ये वेव कमजोर होती नजर आ रही है। 24 घंटे में दिल्ली में संक्रमण 2.5% के भी नीचे चली गई है। 24 घंटे में दिल्ली में कोरोना के 1,600 केस आए हैं।
आपको बता दें कि दिल्ली में 24 की सुबह पांच बजे लॉकडाउन की पाबंदियां खत्म हो रहीं थीं। उससे पहले ही आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन बढ़ाने की घोषणा कर दी।