आप नेता का आरोप , एमसीडी के पैसों से मेयर समेत बीजेपी नेता कर रहे देश-विदेशों की यात्रा , कर्मचारियों को नही दी जा रही है तनख्वाह

Ten News Network

नई दिल्ली :– आप पार्टी के नेता दुर्गेश पाठक ने एक बार बीजेपी शासित एमसीडी पर जमकर निशाना साधा , साथ ही उन्होंने एक खुलासा करते हुए कहा कि एक तरफ कर्मचारी तनख्वाह को लेकर प्रदर्शन कर रहे है , वही दूसरी तरफ एमसीडी के मेयर , पार्षद और अधिकारी विदेश यात्रा कर रहे है । साथ ही उन्होंने कहा कि जो विदेश यात्रा हो रही है , उसका खर्च एमसीडी के पैसों से हो रहा है।

 

 

दुर्गेश पाठक ने कहा कि दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष, पार्षद, महापौर, नेता समेत अन्य सभी अधिकारी एमसीडी का पैसा देश-विदेश घूमने में बर्बाद कर रहे हैं। भाजपा के पास अपने कर्मचारियों को तनख्वाह देने के लिए पैसे नहीं हैं, क्योंकि यह एमसीडी का सारा पैसा देश-विदेश की यात्रा करने में खर्च कर रहे हैं।

 

भारतीय जनता पार्टी ने एमसीडी को पूरी तरह से कंगाल कर दिया है, पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। दुर्गेश पाठक ने भारतीय जनता पार्टी से अगले 48 घंटों के अंदर इसकी पूरी जानकारी जनता के सामने प्रस्तुत करने की मांग की है। जनता को पता होना चाहिए कि किस प्रकार से भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से अनैतिक काम कर रही है।

 

 

दुर्गेश पाठक ने कहा कि, आप लोगों ने देखा होगा कि पिछले 6-7 महीनों से एमसीडी के कर्मचारी दिल्ली की सड़कों पर कभी जंतर-मंतर तो कभी रामलीला मैदान, कभी एलजी के घर के सामने, कभी गृह मंत्री के घर के सामने, तो कभी प्रधानमंत्री के घर के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं, पुलिस उन्हें लाठियां मार रही है। उनकी बस एक ही मांग है कि कोरोना काल में जो हमने काम किया, एमसीडी के अंदर हम जो नौकरी कर रहे हैं, उसकी हमें तनख्वाह दी जाए, उसकी हमें पेंशन दी जाए। भारतीय जनता पार्टी के नेता लगातार यह कहते रहते हैं कि उनके पास पैसे नहीं हैं कि वह अपने कर्मचारियों को तनख्वाह दे सकें।

 

 

दुर्गेश पाठक ने एक खास दस्तावेज पेश करते हुए कहा, आज हमारे हाथ एक दस्तावेज लगा है और मुझे भरोसा है कि ऐसे दस्तावेज न जाने और कितने होंगे।

 

 

दुर्गेश पाठक ने बताया कि, प्रीति अग्रवाल जो कि महापौर रहीं हैं, उन्होंने एमसीडी के खर्च पर यात्रा की। आदेश गुप्ता पतंग उड़ाने के लिए एमसीडी के पैसों पर महाराष्ट्र के बेलगांव गए। अवतार , जो कि महापौर रहे हैं, एमसीडी के पैसों पर काठमांडू गए। पार्षद रह चुकी गरिमा गुप्ता औरंगाबाद गई, जिसके लिए एमसीडी के पैसे खर्च किए। आदेश गुप्ता फिर से एमसीडी के पैसों पर मुंबई गए। छैल बिहारी गोस्वामी, जो कि वार्ड समिति के अध्यक्ष हैं, वह एमसीडी के पैसों पर मुंबई गए और उनके साथ उनका पूरा लाव लश्कर गया। अवतार एक बार फिर एमसीडी के पैसों से गुजरात गए और एक बार कल्चरल फेस्टिवल मनाने के लिए काठमांडू पहुंचे।

 

ये दस्तावेज बताते हैं कि ये लोग किस प्रकार से एमसीडी के पैसों की बर्बादी कर रहे हैं। कोई पतंग उड़ा रहा है तो कोई काठमांडू जा रहा है। आप सबको पता है कि यह सभी स्थान किन चीजों के लिए मशहूर हैं। वहीं दूसरी ओर एमसीडी के कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा है और भारतीय जनता पार्टी के नेता मस्त हैं। सभी विभिन्न स्थानों पर घूमने में व्यस्त हैं, जिसके लिए वे एमसीडी का पैसा बर्बाद कर रहे हैं। यह बहुत ही अशोभनीय बात है और ऐसे समय में जब एमसीडी इतने बुरे हाल में जा रही है तो यह बहुत ही अनैतिक है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.