Greater Noida : नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद यूपी पुलिस ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। पुलिस ने दिल्ली से सटे सभी जिलों की सीमाओं को सील कर दिया है।
इसके साथ ही यूपी के 16 जिलों में धारा 144 लागू कर दी गई है और इन सभी जिलों में अर्धसैनिक बलों की 14 टुकड़ियां भेजी गई हैं। वहीं गाजियाबाद में भी धारा 144 लागू कर दी गई है। वहीं नोएडा सीमान्तर व गाजियाबाद में जिला प्रशासन द्वारा जनपद के सभी शराब के ठेकों को बंद करने का आदेश जारी किया गया है।
दरअसल, यूपी के नोएडा और गाजियाबाद की सीमा दिल्ली से लगती है। एहतियातन तौर पर इन दोनों जिलों की सीमाओं को सील कर दिया गया है। साथ ही यूपी पुलिस भी अलर्ट पर है और जगह-जगह चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस द्वारा दिल्ली से आने वाली और दिल्ली जाने वाले सभी वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही है। उधर, दिल्ली के हालातों के मद्देनजर यूपी पुलिस भी अलर्ट मोड़ में आ गई है। सभी जनपदों की पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए जिला सूचना अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि दिल्ली में घटित घटनाओं को दृष्टिगत रखते पूरे जनपद गाजियाबाद में शांति व्यवस्था कायम करने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट अजय शंकर पांडेय एवं कलानिधि नैथानी के द्वारा निरंतर संयुक्त रूप से कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। दिल्ली जाने वाले रास्तों को पूर्ण तरह सील कर दिया गया है। शराब की दुकाने बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
