बड़ा संकट : दिल्ली में अब राशन दुकान का हेल्पर कोरोना पॉजिटिव, अनेक लोगों को बाँट चुका है राशन
Rohit Sharma
नई दिल्ली :- देश में कोरोना वायरस का असर लगातार बढ़ता जा रहा है और राजधानी दिल्ली में लगातार ऐसे केस सामने आ रहे हैं जो कि चौंकाने वाले हैं। नॉर्थ दिल्ली के रूपनगर इलाके में राशन की दुकान पर काम करने वाला एक व्यक्ति अब कोरोना वायरस से पीड़ित निकला है। आज सामने आई रिपोर्ट में कोरोना वायरस पॉजिटिव निकला है , दिल्ली में ऐसा पहला मामला है, जहां किसी राशन की दुकान पर कोई इस महामारी की चपेट में आया हो।
आपको बता दे कि राशन की दुकान पर बतौर हेल्पर काम करने वाले 61 वर्षीय व्यक्ति को 18 अप्रैल को कोरोना वायरस के लक्षण सामने आए थे, जिसके बाद 19 अप्रैल को उनका टेस्ट करवाया गया। अब रिपोर्ट में ये लक्षण पॉजिटिव पाए गए हैं। ऐसे में अब बड़ा संकट खड़ा हो गया है कि बीते दिनों अगर उनके संपर्क में कई लोग आए हों तो ये चिंता का विषय बन सकता है।
दिल्ली राशन डीलर संघ के सचिव सौरव गुप्ता के मुताबिक जिस राशन की दुकान पर ये हेल्पर रहते थे वहां करीब 1673 राशनकार्ड धारक जुड़े हुए हैं | इन्हें अप्रैल महीने में भी राशन दिया गया है , कोरोना पॉजिटिव निकले हेल्पर की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है और ना ही किसी हॉटस्पॉट के आसपास गए हैं।
मामला सामने आने के बाद अब राशन की दुकान को बंद कर दिया गया है, विभाग को भी सूचित किया गया है। राशन संघ की ओर से कहा गया है कि उनकी ओर से दिल्ली सरकार को लिखित में दुकानदारों की सुरक्षा के लिए कदम उठाने की अपील की गई थी, लेकिन कोई जवाब नहीं आया।
बता दें कि राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों में बड़ी उछाल देखने को मिल रही है। आज सुबह तक दिल्ली में कोरोना वायरस के कुल 2081 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि राज्य में अबतक 47 लोगों की जान जा चुकी है।