आप विधायकों ने बताया किसानों का दर्द, केजरीवाल देंगे राहत पैकेज

दिल्ली के किसानों और खेतिहर मजदूरों के इलाकों से चुने गए आम आदमी पार्टी के विधायकों ने आज शुक्रवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से उनके आवास पर सुबह साढ़े दस बजे मुलाक़ात की. इन विधायकों ने मुख्यमंत्री को बताया की बेमौसम बरसात और ख़राब मौसम के कारण खेतीबाड़ी का बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है. फसलें बर्बाद होने से दिल्ली के किसान और खेतिहर मजदूर भुखमरी के कगार पर आ गए हैं. फसलों का ऐसा नुकसान पिछले कई सालों में नहीं हुआ था. राज्य के किसानों को आम आदमी पार्टी की दिल्ली सरकार से उम्मीद है की वह नुकसान की भरपाई कर उन्हें बर्बादी से बचाएगी.
नरेला के विधायक शरद चौहान ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बताया की उनकी विधानसभा क्षेत्र के किसान फसलों की बर्बादी से गहरे संकट में पड़ गए है, मुंडका के विधायक सुखवीर दलाल ने मुख्यमंत्री से कहा की उन्होंने अपने क्षेत्र में बर्बाद हुयी फसल का जायजा लिया और इलाके के किसानों की दुर्दशा को अपनी आँखों से देखा. नज़फगढ़ के विधायक कैलाश गहलौत ने मुख्यमंत्री से बताया की बेमौसम बरसात से राज्य में हजारों एकड़ फसल बर्बाद हुयी है और किसानों की पूंजी डूब गयी है. मटियाला के विधायक गुलाब सिंह ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया की वह तत्काल नुकसान का आंकलन कराएं और सहायता पैकेज की घोषणा करें.
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इन विधायकों से किसानों की दुर्दशा और बेमौसम बरसात से उनको हुए नुकसान के बारे में गौर से सुनने के बाद आश्वासन दिया की दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार राज्य के किसानों और खेतिहर मजदूरों को हुए भारी नुकसान से वाकिफ है और उनके दर्द को समझती है. उन्होंने विधायकों से कहा कि वे किसानों के बीच जाकर तत्काल उनकी परेशनियों को जानें और उनके नुकसान का आंकलन करें. उन्होंने विधायकों से कहा कि वे किसानों को धीरज बंधाएं, और कहें की सरकार उनके नुकसान की भरपाई करेगी और उनकी सभी परेशानियों को युद्धस्तर पर दूर किया जायेगा. उन्होंने आश्वासन दिया कि दुःख और परेशानी की इस घडी में दिल्ली सरकार राज्य के किसानों के साथ खड़ी है और बहुत जल्द किसानों के लिए एक राहत पैकेज की घोषणा की जाएगी.
मुख्यमंत्री से बैठक के बाद विधायकों ने कहा की मुख्यमंत्री के साथ बैठक बहुत संतोषजनक और हौसला बढाने वाली रही. विधायकों ने कहा कि अब तक दिल्ली पर राज करने वाली पार्टियाँ यही कहती थीं की दिल्ली में न तो किसान हैं और न खेती होती है. इन पार्टियों का संवेदनहीन और गैरजिम्मेदाराना रवैया ही दिल्ली के किसानों की बर्बादी का कारण रहा है. आम आदमी पार्टी सरकार ने दिल्ली के किसानों के मन में एक नयी उम्मीद जगाई है. विधायकों ने उम्मीद जताई की बहुत जल्द दिल्ली सरकार किसानों के लिए एक ऐसे राहत पैकेज की घोषणा करेगी जिससे किसानों को हुए नुकसान की भरपाई हो सकेगी और दूसरे राज्यों की तरह दिल्ली के किसान बर्बादी के शिकार नहीं होंगे.

Comments are closed.