नई दिल्ली (08/01/22): कोरोना के बढ़ते प्रकोप के बीच कयास लगाए जा रहे थे कि पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीख बढ़ाई जा सकती है। लेकिन तमाम अटकलों के बीच आज मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आपको बता दें कि 5 राज्यों में विधान सभा चुनाव होने हैं। कुल 690 विधान सभा सीटों में चुनाव होने हैं। ऐसे में आइए जानते हैं आपके राज्य में कितने चरणों में और कब होने हैं चुनाव।
चुनाव आयोग ने प्रेस वार्ता में कहा कि कुल 7 चरणों में होंगे चुनाव। पहले चरण का मतदान 10 फरवरी, दूसरे चरण का मतदान 14 फरवरी, तीसरे चरण का मतदान 20 फरवरी, चौथे चरण का मतदान 23 फरवरी, पांचवे चरण का मतदान 27 फरवरी, छठे चरण का मतदान 3 मार्च, सांतवे चरण का मतदान 7 मार्च को होगा।
आपको बतादें कि उत्तर प्रदेश में सातों चरणों में वोटिंग होगी । पंजाब-गोवा में 1 ही चरण में संपन्न होंगे चुनाव। मणिपुर में 2 चरणों में यानी 27 फरवरी और 3 मार्च को होंगे चुनाव। पंजाब और गोवा में 14 फरवरी को चुनाव होंगे। उत्तराखंड में भी 1 ही चरण यानी 14 फरवरी को चुनाव संपन्न कराए जाएंगे, और 10 मार्च को चुनाव के नतीजे आएंगे।
चुनाव आयुक्त ने कहा कि कोरोना के चलते पोलिंग समय को एक घंटे के लिए बढ़ाया गया है। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 2 लाख 15 हजार से ज्यादा पोलिंग बूथ बनाए गए हैं और कोरोना के खतरे को देखते हुए हर बूथ पर सिर्फ 1250 वोटर ही होंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि सभी चुनाव अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह से वैक्सीनेटेड होंगे। उन्हें बूस्टर डोज या दो वैक्सीन लगी होगी। इसके साथ ही सभी बूथ पूरी तरह से सैनेटाइज होंगे। उन्होंने कहा कि सभी राज्यों को मुख्य सचिवों को मतदाताओं को तेजी से वैक्सीन लगाने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि यूपी में 90% जनता को सिंगल डोज लग गई है जबकि 15 करोड़ लोगों को पांचों राज्यों में सिंगल डोज और 9 करोड़ को डबल डोज लग गई है।
https://www.facebook.com/tennews.in/videos/648998142906150/