दिल्ली में अपराधः कंधा टकराने पर पिता-पुत्र समेत तीन को चाकू मारा , आरोपी गिरफ्तार

ROHIT SHARMA / SAURABH KUMAR

दिल्ली के पटेल नगर इलाके में महज कंधा टकराने पर लड़कों ने दो दोस्तों पर चाकू से हमला कर दिया। बीचबचाव कराने आए एक युवक के पिता को भी चाकू मार दिया , वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए।

गंभीर हालत में सूरज (27), उसके दोस्त मुकेश (28) और मुकेश के पिता आनंद सिंह रावत (52) को आचार्य भिक्षु अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान रवि उर्फ काकू और सदानंद के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, मुकेश परिवार के साथ प्रेम नगर की गली नंबर-15 में रहता है। परिवार में पिता आनंद सिंह व अन्य सदस्य हैं।  मुकेश के दोस्त सूरज का जन्मदिन था। मुकेश और सूरज दोनों राजौरी गार्डन में फिल्म देखने और जन्मदिन मनाने गए थे।

देर रात मुकेश ने अपने पिता आनंद सिंह को फोन कर बताया कि सूरज ने बहुत ज्यादा शराब पी ली है, इसलिए वह उसे लेने आ जाएं। आनंद सिंह बेटे मुकेश और सूरज को लेने राजौरी गार्डन चला गया। तीनों ऑटो से प्रेम नगर पहुंचे।

इस बीच मुकेश और सूरज आगे चलने लगे। सामने से आ रहे रवि और सदानंद का सूरज से कंधा टकरा गया। इसी बात पर दोनों ने चाकू से मुकेश व सूरज पर हमला कर दिया।

वारदात के दौरान आनंद सिंह ने बीचबचाव कराने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसके भी पेट और जांघ पर चाकू मार दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उनका बयान लेने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.