केजरीवाल की पहल , दिल्ली में पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए फ्री वैक्सीनेशन सेंटर की शुरूआत

Ten News Network

नई दिल्ली :– मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज माता सुंदरी रोड स्थित राजकीय सर्वोदय बाल/कन्या विद्यालय में पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए फ्री वैक्सीनेशन सेंटर की शुरूआत की। इस सेंटर पर 18 से 44 और 45 साल से अधिक उम्र के पत्रकार व उनके परिजन वैक्सीन लगवा सकते है और मौके पर पंजीकरण भी कर सकेंगे।

 

सीएम ने कहा कि दिल्ली को स्पूतनिक से वैक्सीन मिलने का भरोसा मिला है। संभवतः जून में वैक्सीन की कुछ डोज मिलने की उम्मीद है। वैक्सीन की कमी पर सीएम ने कहा कि सभी राज्य सरकारें अपनी पूरी कोशिश कर चुकी हैं, लेकिन अभी तक एक भी राज्य अपने स्तर पर एक भी वैक्सीन लाने में सफल नहीं हुआ है।

वैक्सीन की खरीद और उत्पादन करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है।, केंद्र राज्यों को वैक्सीन दे और अगर हम सही से वैक्सीन न लगाएं, तो हमारी जिम्मेदारी है। हम जितनी जल्दी और जितने ज्यादा लोगों को वैक्सीन लगा पाएंगे, उतने ही ज्यादा लोगों की जान बचा पाएंगे।

 

दिल्ली में आज से अनलाॅक की प्रक्रिया शुरू हुई है। लोगों को ड्यूटी जाने के लिए ई-पास बनवाने में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी दिक्कतें आएंगी, उसे ठीक किया जाएगा। आज मैने देखा था कि पोर्टल में थोड़ी दिक्कत थी। उसको ठीक कर दिया जाएगा। लोगों से जैसे-जैसे फीडबैक मिलेगा, जिन चीजों में दिक्कत आएगी, हम उसको ठीक करेंगे।

 

सीएम ने कहा कि दिल्ली में ब्लैक फंगस के करीब 944 केस आए हैं। इसमें करीब 300 केस केंद्र सरकार के अस्पतालों में हैं, जबकि करीब 650 केस दिल्ली सरकार के अस्पतालों में हैं, लेकिन इसके टीके की बहुत कमी है। परसों करीब एक हजार टीके आए थे। यह संख्या बहुत कम है, क्योंकि एक दिन में एक मरीज को तीन से चार टीके लगते है। वहीं कल तो कोई टीका नहीं आया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.