प्राचीन बाराही मेले में उमड़ी भीड़, रागिनी कलाकारों ने माहौल को भक्तिमय बनाया, “कालू” का करतब दर्शकों को कर रहा है रोमांचित
प्राचीन बाराही मेले में उमड़ी भीड़, रागिनी कलाकारों ने माहौल को भक्तिमय बनाया, “कालू” का करतब दर्शकों को कर रहा है रोमांचित ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर में चल रहे प्राचीन बाराही मेले में तीसरे दिन भारी भीड़ उमड़ी। सांस्कृतिक मंच से राजस्थानी कलाकार, रागिनि कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुती दी। राजस्थान से आये कलाकार कालबेलाई, कच्ची घोड़ी का बेहतरीन प्रदर्शन कर समां बांध दिया। मेले में लगे गोल्डन भारत सर्कस का “कालू ” बकरा अपना करतब दिखा कर लोगों को रोमांचित कर रहा है। सांस्कृतिक कार्यक्रम के क्रम में रागिनि गायक महाशय ऋषिपाल खदाना एंड पार्टी ने रागिनि कार्यक्रम की प्रस्तुती दी। महाशय ऋषिपाल खदाना के हरी-भक्ति की ओर प्रेरित करने वाले रागिनी — ‘मोह माया छोड़ दे नरसिंह, ध्यान लगा ले हरी से, ज्ञान के फाटक खोल दिए ध्यान लगा ले हरी से , प्यार के फाटक खोल दिए ध्यान लगा ले हरी से ” ने दर्शकों को भक्ति रस में सरोबार कर दिया। (अर्थ – श्री कृष्ण भगवान एक कंजूस सेठ नरसिंह को उपदेश दे रहे हैं मोह -माया छोड़ कर अपना ध्यान हरी-भक्ति में लगाओ ) . रागिनी कलाकार सविता नागर ने सावित्री के सत्यवान के प्रति मोहित होने के प्रसंग को सुनाते हुए गाया “ओ मेरे सपनो के महाराजा, उतर कर पेड़ से निचे आजा , मैं अपनी मांग भराऊँ” और हिसार, हरियाणा से आई पिंकी शर्मा के “आज मैं बैठी हूँ अब है मिलने की तैयारी, आजा- आजा” गाने पर दर्शक झूम उठे। रागिनी कलाकार मनोज चौहान ने भारत में सामाजिक मूल्यों में हो रही गिरावट पर आधारित रागिनी सुनाते हुए गाया ” चरित्र और आचार था प्रसिद्द यहाँ एक जमाने में , मगर आज भारत का गौरव , लग रहें हैं लोग मिटाने में “. इसके अलावा अमित खदाना , वीरू, राजू चौधरी आदि कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुति देकर दर्शकों की तालियां बटोरी। वृन्दावन से आये कलाकारों ने भक्तिमय माहौल बनाते हुए “छोटी- छोटी गैया , छोटे छोटे ग्वाल , छोटे से मोरो मदन गोपाल ” गाने पर अपनी प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमा दिया। मेले में लगे गोल्डन भारत सर्कस का बकरा “कालू ” भी अपने करतब से लोगों को रोमांचित कर रहा है। अपने मास्टर नीटू के इशारे पर कालू बकरा नट कलाकार की तरह दो खम्बो के बीच बंधे पतले रस्सी पर संतुलन बनाकर अपने चार पैरों से चलता है और दर्शकों की तालियां स्वत: बजने लगती हैं। दो खम्बे के बीच बंधी रस्सी पर लगे एक डिस्क पर जब वो अपने चारों पैर रख कर संतुलन बनाते हुए खड़ा हो जाता है , दर्शक रोमांचित हो उठते हैं। मेले में भालू बने कलाकार भी करतब दिखाकर बच्चों का मनोरंजन कर रहे हैं। इधर बाराही मेला देखने दूर दराज क्षेत्र से लोगों का जनसैलाब उमड़ा। लोगों ने झूला सर्कस, चाट पकौड़ी का भरपूर लुत्फ उठाया। बच्चों की भीड़ खिलौने के स्टाल्स पर दिखी वहीं महिलाएं श्रृंगार के स्टाल्स पर खरीदारी करती नजर आई। शिव मंदिर सेवा समिति के महासचिव ओमवीर बैसला ने बताया श्रद्धालुओं के लिए मेला परिसर में स्थित मंदिर में माँ बाराही देवी के दर्शन के लिए विशेष व्यवस्था की गयी है। रोजाना सुबह -शाम को आरती की जाती है। चमत्कारिक सरोवर में नहाने के लिए समिति की और से विशेष प्रबंध किया गया है। इस मौके पर शिव मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष श्री धर्मपाल भाटी, महासचिव ओमवीर बैसला, मूलचद आर्य, लक्ष्मण सिंघल, विनोद पंडित, जगदीश भाटी, लीलू भगत जी , राजवीर शर्मा, सलीम सैफी, पवन जिंदल आदि मौजूद रहे।




Comments are closed.