एसएसपी के आदेश को ठेंगा दिखाया कोतवाल ने
LOKESH GOSWAMI ग्रेटर नोएडा : कासना कोतवाली में अपनी शिकायत दर्ज कराने पहुंची एक महिला को एसएसपी के निर्देश के बाद भी पुलिस ने डांट फटकार कर भगा दिया। इसके विरोध में महिला शक्ति सामाजिक समिति ने कासना कोतवाली का घेराव कर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। कोतवाल के रवैये के खिलाफ महिला संगठन एसएसपी से शिकायत करेगा।मूलरूप से दिल्ली कोटला मयूर विहार की रहने वाली पीड़िता की शादी 10 दिसंबर 2006 को दनकौर के पीपलका गांव निवासी एक इंजीनियर से हुई थी। आरोपी के पिता सिकंद्राबाद में एबीएसए हैं। महिला का आरोप है कि उसकी शादी ससुराल पक्ष के लोगों ने तथ्यों को छिपा कर कराई थी। उसका पति पहले से ही शादीशुदा था। इस मामले को लेकर रोजाना घर में लड़ाई होने लगी। आरोप है कि पति पीड़ित के साथ अक्सर मारपीट करता था। महिला को पति ने घर से निकाल दिया है। हालांकि एक समझौते के तहत उसके पति ने प्रति माह मकान का किराया व खाने पीने का खर्च देने का वादा किया था। दोनों करीब पांच वर्ष से अलग-अलग रह रहे हैं। महिला अपनी सात वर्ष की बेटी के साथ ग्रेटर नोएडा के रेल विहार सोसायटी में रहती है जबकि पति अल्फा दो सेक्टर के एच ब्लॉक में रहता है। महिला का आरोप है कि पति ने अचानक उसे खर्च देना बंद कर दिया। एक अप्रैल को उसके रेल विहार सोसायटी स्थित मकान में ताला लगा दिया था। पति ने चाबी लेने के बहाने पीड़ित को अल्फा दो के अपने मकान पर बुलाया। आरोप है कि महिला के वहां पहुंचते ही उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। उसे बंधक बनाकर गले में रस्सी बांध कर हत्या करने का प्रयास किया गया। वह किसी तरह वहां से बच निकली। मामले की शिकायत पुलिस से की पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत एसएसपी डा.प्रीतिंदर से भी की। उन्होंने कासना कोतवाली पुलिस को तत्काल मामला दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया। महिला का आरोप है कि कासना पुलिस एसएसपी के आदेश के बाद भी मामला दर्ज करने के लिए तैयार नहीं है। इस मामले को लेकर महिला शक्ति सामाजिक संगठन ने पीड़िता के पक्ष में कासना कोतवाली पहुंच कर घेराव किया व मामला दर्ज करने की मांग की। इसके बाद भी कासना पुलिस ने मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया है। इससे महिला शक्ति सामाजिक संगठन की महिलाएं दोबारा सोमवार को एसएसपी से कासना कोतवाली पुलिस की शिकायत कर मामला दर्ज करने मांग करेंगी। इस अवसर पर रूपा गुप्ता, कौशज पांडेय, नीलम, नीरा, वीणा शुक्ला, मीना बंसल सहित संगठन की कई महिलाएं मौजूद थी।
Comments are closed.