शारदा मीडिया मेला में, एसएसपी ने सिखाए पत्रकारिता के गुर

ग्रेटर नोएडा। शारदा विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं डिज़ाइन विभाग में गुरूवार को मीडिया मेला आकार का शानदार आगाज़ हुआ। इस मेले का उद्घाटन गौतम बु़द्ध नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, डा प्रितिन्दर सिंह ने बतौर ने किया। बतौर मुख्य अतिथि अपने अनुभव साझा करते हुए डा प्रितिन्दर ने विद्यार्थियों से रूबरू होते हुए कहा कि आज का दौर प्रतिस्पर्धाओं के कारण संघर्षपूर्ण हो गया है, इसके बावजूद अपने पेेशे के नैतिक सिद्धान्तों को बनाए रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मीडिया लोगों की विचारधारा और सोच को प्रभावित करता है और ज्यादातर पाठक और दर्शक मीडिया के तथ्य को सत्य मानते है इसलिए मीडिया के विद्यार्थियों को समाज के प्रति, मीडिया की जिम्मेदारी को गंभीरता से समझना चाहिए।
मीडिया मेला आकार के मौके पर विद्यार्थियों ने शारदा विश्वविद्यालय परिसर को अपनी कलाकृतियों, फिल्म पोस्टर्स और जीवन के विविध आयामों को दर्शाती फोटोग्राफी से सजाया। इस जीवन्त आर्ट गैलरी का फीता काटकर उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, डा प्रितिन्दर सिंह ने विद्यार्थियों की सृजनात्मकता की सरहाना की और इच्छा वृक्ष यानि विश-ट्री पर शुभकामनाएं प्रदर्शित की। इस मौके पर शारदा विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रो विजय गुप्ता ने कहा कि आज के दौर में मीडिया लोगों तक सूचना पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है और इस माध्यम की गरिमा सहेजने का काम आज के विद्यार्थियों को कल मीडिया में करना है। वहीं शारदा के आर्ट, डिज़ाइन व मीडिया स्टडीज़ के डीन, प्रो शोवन के साहा ने मीडिया मेला आकार की तैयारी बेहद कम समय में करने के लिए विद्यार्थियों को बधाई दी। मेले के इस मौके पर जनसंचार विभाग के एचओडी, प्रो हर्ष रंजन ने विद्यार्थियों को नसीहत देते हुए कहा कि गति, तथ्यात्मकता और नैतिकता के बीच व्यावहारिक संतुलन ही पत्रकारिता में कामयाबी का मंत्र है। प्रो रंजन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, डा प्रितिन्दर सिंह का धन्यवाद देते हुए कहा कि मीडिया और पुलिस के बीच रिपोर्टिंग को लेकर बेहतर रिश्ते होने चाहिएं और दोनों पेशे, अनुशासन के पर्याय हैं।
खास बात यह रही कि शारदा विश्वविद्यालय में जनसंचार और डिज़ाइन के विद्यार्थियों ने फिल्म के पोस्टर, अखबारों से बनी पतंगे ही नहीं फोटो प्रदर्शनी और आशावदी इच्छा वृक्ष से मीडिया मेला आकार को परिभाषित किया। मीडिया मेला आकार में शुक्रवार को कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और इसमें मीडिया की कई जानी मानी हस्तियां शामिल होंगी।

Comments are closed.