दिल्ली में आज से लगने जा रहा है नाइट कर्फ्यू, किन-किन गाइडलाइन का आपको करना होगा पालन, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर
Ten News Network
दिल्ली :- देशभर में कोरोना के मामले एक बार फिर से तेजी से बढ़ रहे हैं और इसको कोरोना की दूसरी लहर भी कहा जा रहा है| देश की राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटों में 4000 से ज्यादा कोरोना के मामले सामने आए हैं। कोरोना की दूसरी लहर को रोकने के लिए दिल्ली सरकार ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
देश के कई राज्यों की तर्ज पर अब दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस संक्रमण को काबू करने के लिए ‘नाइट कर्फ्यू’ लगाने का फैसला किया है। आज से 30 अप्रैल तक रोज रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू रहेगा।
राजधानी में कोरोना वायरस का पॉजिटिविटी रेट 5% से ऊपर पहुंच गया है जिसके बाद अरविंद केजरीवाल सरकार ने यह फैसला लिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नजर में लॉकडाउन कोई हल नहीं था। सोमवार को दिल्ली से 4184 नए मामले सामने आए और 21 मरीजों की मौत हो गई।
पिछले चार दिन से रोज 3,500 से ज्यादा केस आ रहे हैं। ऐसे में ‘नाइट कर्फ्यू’ के जरिए वायरस के प्रसार को रोकने की कोशिश है।
इसको लेकर टेन न्यूज़ की टीम ने लोगों से बातचीत की| लोगों ने कहा केजरीवाल का यह फैसला काफी हद तक सही है क्योंकि जिस हिसाब से कोरोना के मामले दिल्ली में सामने आ रहे हैं उसको मद्देनज़र रखते हुए यह फैसला लेना बहुत जरूरी था, लेकिन लोगों ने यह भी कहा कि अगर लॉक डाउन की स्थिति बनती है और दिल्ली के अंदर अगर लॉकडाउन लगाया जाता है तो स्थिति और भी ज्यादा भयावह हो सकती है क्योंकि अभी भी लोग पिछले लॉकडाउन के दर्द से ठीक तरीके से नहीं उबर पाए हैं।
इन गाइडलाइंस का करना होगा पालन:-
– 6 अप्रैल से लेकर 30 अप्रैल तक हर रात 10 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक दिल्ली में नाइट कर्फ्यू रहेगा।
– जरूरी सेवाओं और पहले से अनुमति लेकर लोग जा सकते बाहर बाकी मूवमेंट पर रोक रहेगी।
– जो लोग वैक्सीन लगवाने जाना चाहते हैं उनको छूट होगी लेकिन ई-पास लेना होगा।
– राशन, किराना, फल सब्जी, दूध, दवा से जुड़े दुकानदारों को ई-पास के जरिए ही मूवमेंट की छूट होगी।
– प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को भी ई-पास के जरिए ही मूवमेंट की इजाजत होगी।
– वैध टिकट दिखाने पर एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे आने जाने वाले यात्रियों को छूट दी जाएगी।
– आईडी कार्ड दिखाने पर प्राइवेट डॉक्टर नर्स पैरामेडिकल स्टाफ को भी छूट मिलेगी। गर्भवती महिलाओं और इलाज के लिए जाने वाले मरीजों को छूट मिलेगी।
– मेट्रो की सेवा अपने निर्धारित समय तक चलेगी। हालांकि रात 10 बजे के बाद मेट्रो से उन्हीं लोगों को ले जाने दिया जाएगा जिनको नाइट कर्फ्यू में छूट दी गई है।