#GURUDASPUR ATTACK – CONNECTED TO YAKUB MENON HANGING – A MILLION DOLLAR QUESTION
क्या गुरदासपुर हमले और याकूब मेमन की फांसी में कोई कनेक्शन है?
नई दिल्ली। पंजाब के गुरदासपुर में हुए आतंकी हमले ने देश को हिला दिया। पंजाब में दशकों बाद इस तरह का आतंकी हमला हुआ है। आतंकियों ने जिस तरह हमले को अंजाम दिया है वो बताता है कि आतंकी सिर पर कफन बांधकर आए हैं। देश के हालिया घटनाक्रम को देखकर हमले की टाइमिंग को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस तरह के हमले जम्मू-कश्मीर में होते रहे हैं, लेकिन पंजाब में हुए हमले के बाद कई सवालों ने सिर उठा लिया है। आइए जानने की कोशिश करते हैं कि इस आतंकी हमले के पीछे की क्या वजहें हो सकती हैं?
क्या याकूब मेमन की फांसी से कनेक्शन?
कहीं इस हमले का कनेक्शन मुंबई 1992 में बम ब्लास्ट के दोषी याकूब मेमन की फांसी से तो नहीं है। याकूब मेमन को 30 या 31 जुलाई को फांसी देने की बात सामने आने के बाद अलर्ट पहले ही जारी कर चुका है। आशंका थी कि याकूब की फांसी पर मुहर लगने के बाद आतंकी बदले में हमले की कार्रवाई कर सकते हैं। कहीं ये हमला याकूब को फांसी देने के विरोध में तो नहीं है। आतंकी कहीं ये संदेश तो नहीं देना चाहते हैं कि वो जम्मू-कश्मीर ही नहीं देश के किसी भी हिस्से में आतंकी कार्रवाई को अंजाम दे सकते हैं।
क्या अमरनाथ यात्रा पर थी हमले की साजिश?
सूत्रों की मानें तो आतंकियों का निशाना अमरनाथ यात्रा थी। आतंकी अमरनाथ यात्रियों को बंधक बनाना चाहते थे, , लेकिन आतंकी रास्ता भटक गए और पंजाब पहुंच गए। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि जम्मू में सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद होने की वजह से उन्होंने गुरदासपुर को अपना निशाना बनाया। आतंकी हमले के पीछे लश्कर का हाथ भी बताया जा रहा है। उच्चस्थ सूत्रों की मानें तो लश्कर के 10 आतंकियों का गुट 10 दिनों से सियालकोट में डेरा डाले हुए थे। पिछले दो दिनों से कठुआ के कोटपुन्नू इलाके से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे। ये सभी आतंकी ट्रेंड बताए जा रहे हैं। जाहिर है कि आतंकी अपने पहले लक्ष्य में सफल नहीं हुए और उन्होंने रास्ता भटकने की सूरत में इस तरह के अनियोजित हमले को अंजाम दिया।
शरीफ-मोदी मुलाकात भी हो सकती है वजह?
अतीत में अक्सर ऐसे हालात बने हैं, की जब भी भारत-पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व ने शांति बहाली की बात की है और आतंकवाद का मिलकर सामना करने की बात की है, तब तब आतंकियों ने इस तरह की शांतिवार्ताओं को डिरेल करने की कोशिश की है। हाल ही में जब मोदी और शरीफ ने रूस में मुलाकात की और मोदी को शरीफ ने पाकिस्तान आने का न्यौता दिया, तो उसके बाद ही कश्मीर में पाक सेना ने सीजफायर का उल्लंघन किया। वहीं दूसरी ओर अतीत में अटलबिहारी वाजपेयी की लाहौर बस यात्रा हो या फिर मनमोहन सिंह के दौर में शांतिवार्ता की बात हो। संबंधों में शांति की बात के बाद ही इस तरह के आतंकी हमले हुए हैं।
सीमा पर अंकुश से बिफरे?
क्या सीमा पार स्थित आतंकी शिविर अब सक्रिय हो गए हैं और अपने लक्ष्य के लिए निकल रहे हैं? साल 2014 में भारतीय सेना ने साफतौर पर कहा था कि सीमा पर तकरीबन 200 आतंकी हैं, जो भारत पर हमले के लिए घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे हैं और बार-बार सेना उनकी कोशिशों को असफल कर रही है। खास बात यह है की पिछले साल भी पाक रेंजर्स ने सीमा पर जबर्दस्त तरीके से सीजफायर उल्लंघन किया था और उसकी आड़ में आतंकियों को घुसपैठ कराने की कोशिश की थी। संभव है कि आतंकियों ने हाल में सीमापार सेना की गोलीबारी की आड़ में घुसपैठ की हो और इस आतंकी हमले को अंजाम दिया हो।
Comments are closed.