कड़ा कदम : हॉटस्पॉट बनी दिल्ली से अन्य राज्यों ने बनाई दूरी, यूपी के बाद हरियाणा बाॅर्डर सील

Rohit Sharma

नई दिल्ली :– दिल्ली से लगे होने चलते राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में उत्तर प्रदेश और हरियाणा के आने वाले शहरों को एक अलग पहचान मिली | आज कोरोना संक्रमण का संकट गहराता देख एक तरफ लोग सोशल डिस्टेंस बना रहे हैं तो दूसरी तरफ एनसीआर के तहत आने वाले शहर भी दिल्ली से दूरी बना रहे हैं | एहतियात के तौर पर पहले उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और नोएडा प्रशासन ने दिल्ली की सीमा को बंद किया तो अब हरियाणा ने भी अपना बॉर्डर सील कर दिया है |

कोरोना के फैलाव को देखते हुए दिल्ली से लगने वाले सभी बॉर्डर को हरियाणा ने पूरी तरह से सील कर दिया है, सिर्फ पासधारकों को ही आने-जाने की इजाजत दी है |

हरियाणा ने पहले दिल्ली से लगे सोनीपत और झज्जर की सीमाओं को सील कर रखा था, लेकिन अब गुड़गांव और फरीदाबाद बॉर्डर को भी सील कर दिया है | इस तरह से हरियाणा ने दिल्ली से पूरी तरह से दूरी बना ली है , साथ ही हरियाणा से दिल्ली जाने वाली सब्ज़ियों पर भी हरियाणा सरकार ने रोक लगा दी है |

हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज का आरोप है कि हरियाणा में रहकर दिल्ली में नौकरी करने वालों की वजह से हरियाणा में कोरोना फैला है | ऐसे में दिल्ली सरकार को हरियाणा के उन लोगों के लिए रहने की व्यवस्था करनी चाहिए , जो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में काम कर रहे हैं और हर दिन आवाजाही करते हैं |

उन्होंने कहा कि पहले भी तबलीगी जमात के कई सदस्य दिल्ली से आए और उनमें से 120 कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे | हरियाणा ने उनका इलाज करवाया , अब दिल्ली में काम करने वाले लेकिन हरियाणा में रहने वाले बहुत से लोग पास का उपयोग कर रहे हैं, जो कोरोना-वाहक बन गए हैं |

अनिल विज ने कहा, ‘सोनीपत में, लगभग नौ रोगी पाए गए हैं जो दिल्ली से संक्रमित हुए हैं. पानीपत में, एक पुलिस अधिकारी संक्रमित हो गए. दिल्ली पुलिस के साथ काम करने वाले एक सिपाही की बहन उससे संक्रमित हो गई, जिससे फिर पूरे परिवार कोरोना का शिकार हो गया. इसीलिए, मैं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से दिल्ली में काम करने वालों के लिए आवास की व्यवस्था करने की अपील करता हूं |

बता दें कि हरियाणा में कोरोना संक्रमण के मंगलवार दोपहर तक 296 मामले सामने आ चुके हैं जबकि 3 लोगों की मौत हो चुकी है. हालांकि, 183 कोरोना के मरीज ठीक होकर वापस घर जा चुके हैं. वहीं, दिल्ली में कोरोना के कुल मामले 3,108 हो गया है जबकि 54 मौत हुई है. दिल्ली में कोरोना के 877 मरीज ठीक हो चुके हैं |

कोरोना के बढ़ते कहर के बीच 22 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और उसी दिन शाम को नोएडा ने भी दिल्ली सीमा को पूरी तरह से सील कर दिया था. यूपी-दिल्ली बॉर्डर सील किए जाने के बाद केवल दूध फल सब्जियों की गाड़ियों और कोरोना इलाज में लगे डॉक्टरों को ही आने-जाने दिया जा रहा है. दिल्ली से बाहर जाने या दूसरे प्रदेश में जाने के लिए मूवमेंट पास केवल आपातकालीन स्थिति में ही उपलब्ध कराया जाएगा. उसमें भी जब कोई मेडिकल इमरजेंसी हो |

Leave A Reply

Your email address will not be published.