जापानी अधिकारी की कार में स्प्रे डालकर की गई लूटपाट
Abhishek Sharma
Noida (22/08/19) : नोएडा के सेक्टर 39 थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेसवे पर कल देर रात कुछ बदमाशों ने एक जापानी नागरिक के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। लूटपाट के दौरान बदमाशों ने एक ऐसा स्प्रे डाला जिससे कि जापानी नागरिक कार के अंदर से बाहर उतरने पर मजबूर हो गया।
पंचर होने पर कार को रोका गया था। बदमाशों ने जापानी नागरिक का बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए। इस मामले में थाना सेक्टर 39 पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्रेटर नोएडा स्थित हौंडा कंपनी में जापान से योशी नामक अधिकारी आए थे। वह एयरपोर्ट एरो सिटी के क्राउन प्लाजा होटल में रुके हुए थे। बीती रात ग्रेटर नोएडा से काम खत्म करने के बाद सीआरवी गाड़ी से वे होटल वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान महामाया से पहले उनकी गाड़ी पंचर हो गई। ड्राइवर पंचर लगाने लगा तभी 2-3 युवक आए और उन्होंने गाड़ी के अंदर एक स्प्रे डाला। जिसके बाद गाड़ी के अंदर घुटन शुरू हो गई।
जापानी अधिकारी योशी गाड़ी से उतर कर बाहर आ गए। तभी बदमाशों ने उनका बैग उड़ा दिया। इस मामले में हेड सोसाइटी होंडा कार इंडिया लिमिटेड के विचल सिंह की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना प्रभारी नीरज मलिक का कहना है कि शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्य करते हुए रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जापानी अधिकारी योशी की कार से लैपटॉप, ड्राइविंग लाइसेंस तथा पासपोर्ट समेत कीमती सामान चोरी कर लिया है।
