दिल्ली में सोमवार से शुरू होगी अनलॉक की प्रक्रिया , फैक्ट्री और निर्माण गतिविधियों को खोलने का लिया निर्णय

Ten News Network

नई दिल्ली :– मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने समाज के गरीब तबके को ध्यान में रखते हुए सोमवार से फैक्ट्री और निर्माण गातिविधियों को खोलने का निर्णय लिया है।

 

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली के दो करोड़ लोगों ने मिलकर कोरोना की दूसरी लहर पर भी काबू पा लिया है। दिल्ली में संक्रमण दर घटकर अब 1.5 फीसद हो गई है। डीडीएमए की बैठक में फैक्ट्री और निर्माण गतिविधियों को अभी एक सप्ताह के लिए खोलने का निर्णय लिया गया है।

जनता के सुझावों पर आगे भी हम धीरे-धीरे अनलाॅक की प्रक्रिया जारी रखेंगे। सीएम ने कहा कि कहीं ऐसा न हो कि एकदम से लाॅकडाउन खोलने से हमें उसका नुकसान हो जाए और फिर से कोरोना बढ़ने लगे। अगर ऐसा हुआ, तो हमारे पास दोबारा लाॅकडाउन लगाने के अलावा और कोई चारा नहीं बचेगा।

 

इसलिए मेरी अपील है कि सभी लोग कोविड-19 के एहतियात अवश्य बरतें। यह बहुत ही नाजुक समय है। जब तक जरूरत न पड़े, तब तक घर से बाहर न निकलें।

 

24 घंटे में लगभग 1.5 फीसद संक्रमण दर आया है और 1100 के करीब केस आए हैं। धीरे-धीरे, धीरे-धीरे रोज कोरोना के केस कम हो रहे हैं और संक्रमण दर भी कम हो रही है। अस्पतालों के अंदर अब बेड मिलने में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। आईसीयू बेड भी काफी खाली हो गए हैं। ऑक्सीजन बेड भी काफी खाली हो गए हैं। हम लोगों ने जितने कोविड-19 केंद्र खोले थे, उसमें भी काफी बेड उपलब्ध हैं। इसलिए अब धीरे-धीरे अनलॉकिंग करने का यह समय है।

 

सीएम अरविंद केजरीवाल ने लोगों से पुनः अपील करते हुए कहा कि जब तक बहुत जरूरत न पड़े, तब तक घर से बाहर न निकलें। बहुत जरूरी हो, तभी घर से बाहर निकलें। जरूरत न हो, तो घर से बाहर न निकलें। यह बहुत ही नाजुक समय है। हम सबको बड़ी जिम्मेदारी के साथ आचरण करना है, ताकि हम सब मिलकर अपनी दिल्ली को बचा सकें, अपने देश को बचा सकें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.