नई दिल्ली :– दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने ठंड के मौसम में विभिन्न वजहों से बढ़ने वाले प्रदूषण से दिल्ली की जनता को बचाने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी है। पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने विंटर एक्शन प्लान को लेकर आज पर्यावरण विभाग, डीपीसीसी, विकास विभाग और वन विभाग के साथ उच्च स्तरीय बैठक की।
उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने प्रदूषण के खिलाफ जन सहयोग से सक्रिय अभियान चलाने के लिए विंटर एक्शन प्लान की तैयारी शुरू कर दी है। हमारा विंटर एक्शन प्लान, पराली व कूड़ा जलाने, वाहन व धूल प्रदूषण, हॉटस्पॉट, स्मॉग टावर, पड़ोसी राज्यों से संवाद, वाररूम व ग्रीन एप को उन्नत बनाने और केंद्र सरकार व केंद्रीय कमीशन से संपर्क जैसे 10 फोकस बिंदुओं पर आधारित बनाया जाएगा।
पर्यावरण मंत्री ने कहा कि 14 सितंबर को सभी संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक कर निर्धारित फोकस बिंदुओं पर सुझाव लेंगे और 30 सितंबर तक विंटर एक्शन प्लान को तैयार कर किया जाएगा। इसके बाद दिल्ली सरकार प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कई अभियानों की शुरूआत करेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के अंदर प्रदूषण को कम करने के लिए कई एजेंसियां काम करती हैं, जिनकी अलग-अलग भूमिका होती है। हमने निर्णय लिया है कि 14 सितंबर को दिल्ली सचिवालय में सभी संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में यह देखेंगे कि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पिछले साल किन विभागों ने क्या किया? ग्रीन एप पर जितनी शिकायतें आईं, उन शिकायतों के समाधान के लिए किन-किन विभागों ने तत्परता के साथ काम किया।
पिछले ठंड के मौसम में और उसके बाद की जो भी गातिविधियां हैं, उन सबकी समीक्षा करेंगे। साथ ही भविष्य के प्लान पर उन सभी संबंधित विभागों से सुझाव लेंगे। 14 सितंबर को होने वाली समीक्षा बैठक में तीनों एमसीडी, एनडीएमसी, डीडीए, पीडब्ल्यूडी, ट्रैफिक पुलिस, ट्रांसपोर्ट विभाग, जल बोर्ड, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, डीएसआईडीसी, सीपीडब्ल्यूडी और एनएचएआई शामिल होंगे।
