मुजफ्फरनगर में जारी है महापंचायत, जयंत चौधरी, नरेश टिकैत समेत कई धुरंधर मैदान में
Rohit Sharma
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में किसान महापंचायत शुरू हो गई है। शहर के राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में भारतीय किसान यूनियन ने महापंचायत के लिए मंच बनाया है। इसमें हिस्सा लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान पहुंचे हैं।
चौधरी नरेश टिकैत किसानों को संबोधित कर रहे हैं। नरेश टिकैत ने कहा आंदोलन जारी रहेगा। बड़ी संख्या में किसान इकट्ठा हुए हैं। रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी भी महापंचायत में पहुंच गए हैं।
महापंचायत को पूर्व सांसद अमीर आलम खान, हरेंद्र मलिक और राजपाल सैनी ने भी संबोधित किया। महापंचायत में किसानों के अलावा समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय लोकदल और कांग्रेस के नेता भी पहुंच रहे हैं। महापंचायत में दिल्ली कूच का फैसला लिया जा सकता है।
वहीं कैराना से सपा विधायक नाहिद हसन भी जीआईसी मैदान पर समर्थकों के साथ पहुंच चुके हैं। पूर्व सांसद हरेंद्र मलिक व कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज मलिक महापंचायत में पहुंचे।
महापंचायत को लेकर उत्तर प्रदेश की पुलिस हाई अलर्ट पर है। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। किसी भी प्रकार की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है।
किसान ट्रैक्टर परेड के दौरान गणतंत्र दिवस के दिन दिल्ली में हुई हिंसा के बाद भारतीय किसान यूनियन ने आगे की रणनीति बनाने के लिए यह महापंचायत बुलाई है। नरेश टिकैत की अपील के बाद से ही बड़ी संख्या में किसानों का जत्था यहाां पहुंचने लगा था।
ट्रैक्टर पर भारत का तिरंगा और भाकियू का झंडा लगाए किसान राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान पहुंचे। मुजफ्फरनगर की सड़कों पर ट्रैक्टर परेड का नजारा दिखाई दे रहा है। भाकियू का झंडा और राष्ट्रीय ध्वज लगा कर किसान पहुंच रहे हैं। पंचायत स्थल पर करीब तीन हजार किसानों की भीड़।
