नई दिल्ली :– आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने प्रेस वार्ता करते हुए एमसीडी पर गम्भीर आरोप लगाए। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा शासित एमसीडी ने निजी क्लिनिक और अपने लोगों को हजारों करोड रुपए की जमीन मुफ्त में देकर जाने का फैसला किया है।
उन्होंने कहा कि एनडीएमसी की स्टैंडिंग कमेटी में 1 सितंबर को लाया गया प्रस्ताव पास कर दिया गया है। जिसके जरिए एमसीडी की जमीनों को अपने लोगों को मुफ्त में देने जा रहे हैं।
प्रस्ताव में स्पष्ट लिखा है कि एनडीएमसी बिना किसी शुल्क के खाली भवन और जमीन का लाइसेंस देगी। यह दुनिया का पहला लाइसेंस होगा जिसके अंदर करोड़ों की जमीन अपने लोगों को बिना शुल्क के देंगे।
उन्होंने कहा कि एमसीडी से बीजेपी भागने की तैयारी कर रही है। ऐसे में सभी संपत्ति और आय के स्रोतों को कौड़ियों के दाम में बांटने की तैयारी कर रही है। भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता बताएं कि आप किस वजह से इस तरह की घटिया पॉलिसी ला रहे हैं। अपने नेताओं को करोड़ों की जमीन मुफ्त में देने जा रहे हैं।
एमसीडी से जाते-जाते सारी संपत्ति और आय के स्रोतों को अपने लोगों को कौड़ियों के दाम बांटने की तैयारी कर रही है। हर महंगी जमीन को सस्ते दामों में बेच रही है। अस्पतालों को नीलाम करने की तैयारी चल रही है। एमसीडी के जितने भी पार्क हैं, उसके अंदर दुकानें खुलवाने की तैयारी कर रही थी। जितनी सड़कें हैं, उनको भी फूड वेंडर्स के हवाले करके पैसा कमाने की तैयारी कर रही है।
