सौरभ भारद्वाज का आरोप , एमसीडी दिल्ली के व्यापारियों के बाद अब कर रही है डाॅक्टरों से लूट

Ten News Network

नई दिल्ली:– आम आदमी पार्टी ने भाजपा शासित ईस्ट एमसीडी द्वारा डाॅक्टरों की क्लीनिक से कूड़ा उठाने के नाम पर 24 हजार रुपए सालाना फीस वसूलने के निर्णय को हास्यास्पद करार देते हुए कड़ी निंदा की है। ‘आप’ पार्टी के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने आज प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि अब भाजपा शासित ईस्ट एमसीडी डाॅक्टरों से कूड़ा उठाने के लिए 24 हजार रुपए सालाना ज्यादा वसूलेगी, जबकि डाॅक्टर पहले से ही बाॅयो मेडिकल वेस्ट उठाने के लिए 6 हजार रुपए सालाना दे रहे हैं। इस तरह अब हर डाॅक्टर को 30 हजार रुपए सालाना देने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा शासित एमसीडी ने डाॅक्टरों पर पहले प्रोफेशनल टैक्स लगाया और अब नया खर्च बढ़ाकर डाॅक्टर्स डे का तोहफा दिया है। इस तरह एमसीडी दिल्ली के व्यापारियों के बाद अब डाॅक्टरों से लूट कर रही है।

एमसीडी द्वारा बढ़ाए गए टैक्स और लाइसेंस फीस के खिलाफ आम आदमी पार्टी पूरी दिल्ली में हस्ताक्षर अभियान चला रही है और मांग कर रही है कि एमसीडी इसको वापस ले।

आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता एवं विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जैसे-जैसे एमसीडी के अंदर बीजेपी के आखरी दिन चल रहे हैं और उनको यकीन होता जा रहा है कि अब दिल्ली वाले एमसीडी में दोबारा भाजपा को मौका नहीं देने वाले हैं। इसलिए दिल्ली नगर निगम में लूटमार शुरू हो गई है। ऐसा लग रहा है कि जितना पैसा दिल्ली के लोगों से लूटा जा सकता है, उसको लूट लिया जाए। प्रॉपर्टी टैक्स बढ़ा दिए गए, ट्रेड लाइसेंस को कई गुना बढ़ा दिया गया।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि एक डॉक्टर के क्लीनिक में क्या कूड़ा होता होगा? मुझे लगता है कि शायद क्लीनिक में एक बार झाड़ू लगती होगी, उसी के बाद थोड़ी धूल आती होगी, वही होता है। इसके अलावा, एक कूड़ा होता है, वह बायो मेडिकल वेस्ट है। यह बड़ी हैरानी की बात है कि डॉक्टर पहले से ही अपने बायो मेडिकल वेस्ट के लिए 500 रुपए महीना दे रहे हैं और बाकायदा दिल्ली के अंदर दो एजेंसी हैं, जो डाॅक्टर के क्लीनिक से उनका बायो वेस्ट उठाती हैं और उसका सही तरीके से निस्तारण किया जाता है।

उन्होंने कहा डाॅक्टर पहले से ही 500 रुपए महीना यानी 6 हजार रुपए सालाना दे रहे थे और अब 24 हजार रुपए सालाना और जोड़ दिया है। मतलब अब हर डाॅक्टरों को 30 हजार रुपए सिर्फ इसलिए देना पड़ेगा, क्योंकि उसको अपना कूड़ा उठवाना है। मुझे लगता है कि यह बहुत ही हास्यास्पद है और बहुत निंदा का विषय है कि इस तरीके की लूटमार पर अब एमसीडी उतर गई है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि मैंने पिछले महीने भी एक प्रेस कांफ्रेंस कर बताया था कि एमसीडी ने प्रोफेशनल टैक्स भी दिल्ली में पहली बार लागू कर दिया है, जिसमें एमसीडी हर पेशेवर (प्रोफेशनल) से, चाहे वह चार्टर्ड अकाउंटेंट हो, सीएस हो, इंजीनियर हो, आर्किटेक्ट हो या डॉक्टर हो, उससे एक प्रोफेशनल टैक्स लेना शुरू करेगी। इस तरह से यह किसी भी वर्ग को नहीं छोड़ रहे हैं और इस तरीके से एमसीडी हर व्यक्ति का उत्पीड़न कर रही है। हम इसकी घोर निंदा करते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.