Tamil Nadu (08/12/2021): तमिलनाडु के नीलगिरी जिले के कुन्नूर में आज बड़ा हादसा हुआ जिसमे भारतीय वायु सेना का एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत समेत सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी सवार थे।
शुरुवाती जानकारी के मुताबिक हेलीकॉप्टर में 14 लोग सवार थे, जिनमें से 9 लोगों के नाम सामने आए हैं। हेलीकॉप्टर में जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत के अलावा कई सीनियर अधिकारी शामिल थे। हादसे के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है और फिलहाल लोगों को बचाने का काम चल रहा है।

भारतीय वायु सेना ने ट्वीट कर बताया, ‘इंडियन एयर फोर्स का Mi-17V5 हेलीकॉप्टर तमिलनाडु के कुन्नूर के पास दुर्घटना का शिकार हो गया, जिसमें सीडीएस जनरल बिपिन रावत सवार थे। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं।’
यह हादसा घने कोहरे के बीच नंजप्पनचथिराम इलाके में हुआ और शुरुआती दृश्यों में हेलीकॉप्टर में आग की लपटें उठते हुए देखी गई। हेलीकॉप्टर क्रैश होने के बाद भीषण आग लग गई और पूरे इलाके में धुंध छा गई। हेलीकॉप्टर जिस इलाके में गिरा है, वह जंगल का क्षेत्र है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह तमिलनाडु में दुर्घटनाग्रस्त हुए सैन्य हेलिकॉप्टर के संबंध में स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की एक बैठक चल रही है। राजनाथ सिंह ने दुर्घटना के बारे में प्रधानमंत्री मोदी को जानकारी दी