मेवाड़ में अलंकरण समारोह आयोजित
मेवाड़ में अलंकरण समारोह आयोजित प्रख्यात पत्रकार राम बहादुर राय व कृष्णदत्त को मिला ’जगद्गुरु रामानंदाचार्य पुरस्कार’
– एक लाख की धनराशि, सम्मान पत्र, साहित्य, मिष्ठान, शाॅल, स्मृति चिह्न किये भेंट – जगद्गुरु रामानंदाचार्य श्री राम नरेशाचार्य ने अपने प्रवचनों से किया सबको भाव विभोर गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूशंस के आॅडिटोरियम में अखिल भारतीय श्रीमठ महोत्सव न्यास काशी, मेवाड़ इंस्टीट्यूशंस व मथुरा की युगांधर संस्था की ओर से आयोजित अलंकरण समारोह में प्रख्यात पत्रकार पद्मश्री राम बहादुर राय व हिन्दी साहित्य के प्रखर चिंतक स्व. कृष्णदत्त पालीवाल को जगद्गुरु रामानंदाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मान में एक लाख की धनराशि, स्मृति चिह्न, अभिनंदन पत्र, साहित्य, शाॅल, मिष्ठान आदि प्रदान किया गया। कृष्णदत्त पालीवाल की पत्नी रीता रानी पालीवाल ने सम्मान प्राप्त किया। श्रीमठ
काशी के जगद्गुरु रामानंदाचार्य श्री राम नरेशाचार्य ने समारोह में अपने प्रवचनों से वातावरण को सात्विक बनाया। अलंकरण समारोह जगद्गुरु रामानंदाचार्य श्री राम नरेशाचार्य पद प्रतिष्ठा रजत जयंती समापन महोत्सव के मौके पर आयोजित किया गया था। राम नरेशाचार्य के आगमन पर घंटों-घडि़यालों व पुष्प वर्षा के साथ उन्हें मेवाड़ परिसर में बने भव्य मंदिर लाया गया।
मंदिर में पदार्पण के बाद आॅडिटोरियम पहुंचकर उन्होंने अलंकरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। अपने सम्बोधन में उन्होंने दान की महिमा की व्याख्या की। अपने प्रवचनों के दौरान उन्होंने राजनेताओं पर करारी चुटकियां लीं। उन्होंने कहा कि संत होकर भी जिसने तीन वितृष्णाओं का त्याग नहीं किया वह आसाराम व रामपाल जैसा है, मगर जिसने गृहस्थ में रहकर भी तीनों वितृष्णाओं का त्याग किया वह कबीर है, संत है। पत्रकार राम बहादुर राय भी कबीर व संत की ऐसी ही श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि हम भगवान को भी दान करते हैं। भगवान को दिया दान कृतज्ञता ज्ञापित करता है। इस दान को हम भक्ति कहते हैं। भक्ति मार्ग में कहा गया है कि माता-पिता को अपनी कमाई देना धर्म है। मगर हम माता-पिता का अपनी कमाई न देकर पत्नी को देने लगे। अब और बुरा हाल है, पत्नी भी पीछे छूट गई है। अब नौकरानी कमाई लेने लगी है। इससे परिवार टूट रहा है। इसे बचाना होगा।
उन्होंने कहा कि आॅक्सीजन सिर्फ ईश्वर दे सकता है, कोई सरकार नहीं। इसलिये उस ईश्वरीय सत्ता को ही सर्वोपरि मानो। उन्होंने नरेन्द्र मोदी, केजरीवाल, फर्जी शंकराचार्यों, रामानुजाचार्यों व रामानंदाचार्यों पर भी चुटकी ली। उन्होंने कहा कि मान-सम्मान देने से अहंकार का दमन होता है। ईश्वरीय विकास होता है। वाणी, स्वभाव, चरित्र, खान-पान में परिवर्तन आता है। इससे समाज व देश का उत्तरोत्तर विकास होता है।
प्रख्यात पत्रकार राम बहादुर राय ने कहा कि रामानंद सम्प्रदाय को जानना आज आवश्यक है। पता चलेगा कि धर्म की व्याख्या व पुनव्र्याख्या कैसे की जाती है। समाज में एक समानता का सूत्रपात रामानंद सम्प्रदाय ने ही किया है। केन्द्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा ने कहा कि राम बहादुर राय को पुरस्कार देने से जगद्गुरु रामानंदचार्य पुरस्कार का कद और बढ़ा है। डाॅ. महेश चंद शर्मा ने कहा कि रामानंदाचार्य ने जिस भाव को लेकर सम्प्रदाय चलाया, उसे कबीर ने आगे बढ़ाया। अब इसे और आगे ले जाने की जरूरत है। प्रसिद्ध समाजशास्त्री गोविन्दाचार्य ने कहा कि राम बहादुर राय में अधिक साहस व आत्मविश्वास है। शौर्य का साक्षात्कार उनके जीवन की पीड़ा है। देश व समाज को केवल श्री राय ने ही जिया है।
मेवाड़ ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डाॅ. अशोक कुमार गदिया ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि मेवाड़ विश्वविद्यालय व मेवाड़ इंस्टीट्यूशंस में 15 हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें से 85 प्रतिशत विद्यार्थी ग्रामीण परिवेश से हैं तो 75 प्रतिशत ऐसे हैं जो अति गरीब तबके से ताल्लुक रखते हैं और कम फीस देते हैं। मेवाड़ इन्हें शिक्षा के अलावा रोजगार, राष्टंीय चेतना, समाज के प्रति संवेदनशीलता, भारतीय संस्कार भी देता है। ताकि वे देश व समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। समारोह की शुरुआत से पूर्व गांधी कथा का वाचन करने वाले विद्वान नारायण देसाई के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर मेवाड़ ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूशंस के सहायक निदेशक चेतन आनंद ने सकारात्मक भाव से परिपूर्ण कविता सुनाकर सबको भाव-विभोर कर दिया। समारोह में डाॅ. अशोक कुमार गदिया, सत्यनारायण अग्रवाल, विभाकर मिश्र, मनोज सिन्हा, अरुण शर्मा, मेवाड़ ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूशंस के महासचिव अशोक कुमार सिंघल, निदेशिका डाॅ.अलका अग्रवाल, कमला बाई, आशा देवी, बबीता सिंघल आदि ने राम नरेशाचार्य को पुष्पार्पित कर उनका स्वागत किया। अशोक कुमार सिंघल ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। समारोह का संचालन वाराणसी से आये उदय प्रताप सिंह ने किया। समारोह में सांसद केसी त्यागी, मेवाड़ लाॅ इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर जनरल भारत भूषण, वरिष्ठ पत्रकार बनवारी, अवधेश कुमार, कुमार संजय सिंह, अरविन्द मोहन,मनोज मिश्र आदि मौजूद रहे।
Comments are closed.