ईंधन के दामों में वृद्धि का असर: ओकिनावा के इलेक्ट्रिक स्कूटरों की बिक्री में 30 फीसदी का इजाफ
नई दिल्ली, 16 मार्च 2021: भारत में सबसे तेजी से विकसित होने वाली और सबसे शानदार इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन बनाने वाली कंपनियों में से एक ओकिनावा आॅटोटेक ने इस तिमाही की बिक्री में 30 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है। देश में ईंधन की लगातार बढ़ती कीमतों के कारण कंपनी ने यह वृद्धि हासिल की है। इसके अलावा ओकिनावा के पास समस्त भारत के शोरूम में स्कूटरों के अलग—अलग मॉडलों के बारे में पूछताछ करने वाले संभावित ग्राहकों की संख्या भी लगभग तीन गुना हो गई है।
इस बारे में ओकिनावा आॅटोटेक के एमडी और संस्थापक जीतेंद्र शर्मा ने कहा, ‘केंद्र और राज्य सरकारें इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए कई मुहिम चला रही हैं इसलिए पिछले तीन साल से भारत में ईवी सेक्टर बड़ी तेजी से फल—फूल रहा है। हाल के दौर में ईंधन के दामों में हो रही वृद्धि ने भी ग्राहकों को इलेक्ट्रिक वाहनों जैसे वैकल्पिक उपाय अपनाने के लिए मजबूर किया। एक कंपनी के नाते हम यह वृद्धि देख रहे हैं और ऐसे इलेक्ट्रिक वाहन देने का लक्ष्य रखते हैं जो आईसीई इंजन के अनुकूल हो।’
पेट्रोल की कीमत लगभग 100 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है, लिहाजा इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की मांग भी तेजी से बढ़ी है। लोग इलेक्ट्रिक दोपहिया के प्रति अधिक जागरूक होने लगे हैं और वातावरण से कार्बन की मात्रा कम करने के लिए आगे आ रहे हैं। नतीजतन, भारत में ओकिनावा के उत्पादों की बिक्री पर्याप्त रूप से बढ़ी है और कंपनी इस साल ई—वाहनों की बिक्री में 35 से 40 फीसदी तक की वृद्धि से आगे बढ़ रही है। ओकिनावा इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की अग्रणी निर्माताओं में से एक है और यह वर्ष 2020 में सबसे ज्यादा हाई स्पीड इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचने वाली दूसरी बड़ी कंपनी बन गई है।
वर्तमान में कंपनी के पोर्टफोलियो में 50,000 रुपये से लेकर 1.14 लाख रुपये तक के छह तरह के इलेक्ट्रिक स्कूटर हैं।इनमें ली—आयन स्लो स्पीड से लेकर ली—आयन हाई स्पीड तक के स्कूटर शामिल हैं। कम स्पीड वाले वाहनों की रेंज में ओकिनावा आॅटोटेक ने ओकिनावा आर30, ओकिनावा लाइट और ओकिनावा डुएल पेश किया है। वहीं, इसके हाई स्पीड 3 उत्पादों में ओकिनावा रिज प्लस, ओकिनावा प्रेज प्रो और ओकिनावा आईप्रेज प्लस शामिल हैं। इस साल ओकिनावा हाई स्पीड दोपहिया के दो और मॉडल पेश करने की योजना बना रही है।