न्यू इयर की तैयारियों में आई तेजी

ग्रेटर नोएडा। पुराना साल गुजरने में महज चार दिन और शेष है। ऐसे में इस साल की बिदाई और आने वाले साल के स्वागत की तैयारियां शुरू न हो। यह हो नहीं सकता है। ग्रेटर नोएडा में भी नए साल के स्वागत में जश्न की तैयारियां शुरू कर दी गई है। होटलों, रेस्टोरेंट आदि में बुकिंग भी होने लगी है।
हर साल 31 दिसंबर की रात जश्न मनाया जाता है। लोग साल की अपनी सफलताओं और विफलताओं को याद करते हैं। नए साल में नई उम्मीद के साथ आगे बढने के लिए तैयारी करते हैं। शायद इसीलिए नए साल का स्वागत तहे दिल से करते हैं। इस बार भी नए साल का जश्न फीका नहीं होने वाला है, बल्कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार जश्न और दोगुना होने की उम्मीद की जा रही है। नए साल को लेकर अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई है। नए साल को लेकर ग्रेटर नोएडा में स्थित एक दर्जन होटल, रेस्टोरेंट, मॉल्स आदि में तैयारियां शुरू कर दी गई है। रेस्टोरेंटों और होटलों मे बुकिंग भी शुरू हो गई है। रेडिशन ब्लू, फार्मूला वन होटल, जिमखाना और वाईएमसीए में जश्न का माहौल देखने को मिलेगा। इन होटलों में कई प्रोग्राम आयोजित होने जा रहे हैं। देर रात चलने वाली इस पार्टी में लजीज भोजन के साथ शराब का तड़का भी लगेगा। हालांकि इस बार शराब यूपी की ही पीनी पड़ेगी। बार्ड पर चल रही चेकिंग के कारण यूपी और हरियाणा से आने वाली अवैध शराब अब नहीं आ पा रही है। जिससे तस्करों के लिए यह साल काफी नुकसानदायक होगा। वहीं, नए साल के जश्न को देखते हुए पुलिस और प्रशासन भी तैयारियां तेज कर दिया है। पुलिस ने अपनी रणनीति बनाई है। प्रमुख स्थानों पर पुलिस टीम की सुरक्षा में नए साल का जश्न मनाया जाएगा।

Comments are closed.