नोएडा ने मनाई अपनी चौथी राहगीरी
रविवार को नोएडा में जीआईपी मॉल के सामने राहगीरी में लोगों ने जमकर मस्ती की। इस बार की राहगीरी में ज़ुंबा विशेष आकर्षण रहा। ज़ुंबा की बैक टू बैक परफॉरमेंस ने ऐसा समां बांधा कि लोग खूब झूमे और राहगीरी ने एक और संडे मॉर्निंग को यादगार बना दिया। राहगीरी के इस रविवार की शुरुआत योगा से हुई। योगा इंस्ट्रक्टर राहुल चौधरी ने साढ़े पांच बजे से स्टेज की कमान संभाल ली और लोगों को स्वस्थ रहने के लिए योगा के बेहतरीन गुर सिखाए। योगा का ये सिलसिला योग गुरु उमेश और प्रभाकर की जोड़ी ने भी कायम रखा। इस सिलसिले को योगा गुरु नीरज झा ने आगे बढ़ाया और राहगीरी में आए लोगों ने योग की बारिकियों ना केवल सीखा बल्कि उन्हें ध्यान से समझा। स्टेज 2 पर दिन की शुरुआत तन्वी ने ज़ुंबा से की। संगीत की धुनों ने समा बनाया और लोगों ने तन्वी के साथ लय बनाकर थिरकना शुरु कर दिया। तन्वी के बाद बारी थी कल्पना कला केंद्र की जिनके स्टाइल सैलेड परफॉरमेंस ने लोगों का दिल जीत लिया। इसके बाद मीनल और शिवाक्षी ने जैसे ही ज़ुंबा शुरु किया नोएडा के लोगों ने उनके साथ ताल मिलाकर कलाकारों की जबरदस्त हौसला अफजाई की। इस बीच स्टेज वन पर एंटानियास ने बॉलीवुड फार्म में साल्सा परफॉर्म किया तो वहां भी लोगों का हुजूम जुट गया। इस बीच रोड पर दो नुक्कड़ नाटक भी हुए जिसमें शिक्षा व्यवस्था पर एक्टर अनवील्ड ने लोगों को दिखाया कि कैसे शिक्षा व्यवस्था की खामियों से छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। इसके बाद ब्लैक पर्ल्स ने भी अपने नुक्कड़ नाटक के ज़रिए लोगों को समाज की कुछ कड़वी हकीकतों से रुबरु कराया। उधर स्टेज 2 पर स्कूल ऑफ लाइफ ने डीजे सेलिब्रेट्स की जोरदार परफॉरमेंस से लोगों को संदेश दिया कि कैसे जिंदगी को जीना चाहिए। आखिर में यहां पर वी एस डांस एके़डमी ने हिप हॉप और बॉलीवुड स्टाइल डांस के ज़रिए कड़ी धूप में भी लोगों में जोश भर दिया। इस सबके अलावा भी यहां पर ग्राउंड एक्टिविटीज़ में स्पोर्ट्स ग्राउंड डॉट इन की फुटबॉल, फ्री साइकिल राइड, पौधों का वितरण हुआ। हेल्थ को बढ़ावा देने के लिए बॉश एंड लॉम्ब ने लोगों की आंखों की जांच की और उन्हें फ्री में लेंस बांटे। किसी भी तरह की मेडिकल इमरजेंसी के लिए मैक्स हेल्थ केयर नोएडा की एंबुलेंस भी मुस्तैदी से तैनात थी। ट्रैफिक पुलिस और नोएडा पुलिस ने इवेंट को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए भरपूर सहयोग दिया। नोएडा अथॉरिटी और जिला प्रशासन ने भी कार्यक्रम के आयोजको डैस इवेंट्स और राहगीरी ट्रस्ट को भरपूर सहयोग दिया। राहगीरी नोएडा के इलेक्ट्रोनिक मीडिया पार्टनर समाचार प्लस ने कार्यक्रम की कवरेज के लिए कई कैमरा टीम लगाई थीं।
समाचार प्लस के कार्यकारी संपादक प्रवीण साहनी के मुताबिक हर हफ्ता बीतने के साथ ही राहगीरी में शहरवासियों की दिलचस्पी बढ़ती जा रही है। जिस तरह से ये इवेंट लोगों को साथ जोड़ रहा है वो काबिलेतारीफ है।
डैस इवेंट्स के दुष्यंत सिन्हा के मुताबिक इस आय़ोजन ने नोएडा के लोगों में संडे मॉर्निंग का कॉन्सेप्ट बदल दिया है। लोगों से मिल रहे अपार समर्थन के लिए वो शुक्रगुज़ार हैं और इसमें कुछ ना कुछ नयापन लाने के लिए वो कोशिश करते रहेंगे।
राहगीरी ट्रस्ट के सौरभ साहनी के मुताबिक राहगीरी लोगों को सामाजिक संदेश देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। आज लोगों को साथ मिलकर शहर को क्लीन, ग्रीन और हेल्दी बनाना है। इसके लिए राहगीरी ट्रस्ट अपनी भूमिका पूरी ईमानदारी के साथ निभा रही है।
Comments are closed.