23 फरवरी को किसान मनाएंगे पगड़ी संभाल दिवस , निकाली जाएगी रैली

Ten News Network

नई दिल्ली :– संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से 23 फरवरी को पगड़ी संभाल दिवस मनाया जाएगा। किसानों के आत्मसम्मान में शहीद भगत सिंह के चाचा और पगड़ी संभाल आंदोलन के संस्थापक अजीत सिंह की याद में मोर्चा ने इस दिन को मनाने का निर्णय लिया है।

 

किसान 85 दिनों से दिल्ली की सीमाओं पर कृषि कानूनों पर विरोध जता रहे हैं। ब्रिटिश राज के 1906 के कृषि कानूनों के खिलाफ चाचा अजीत सिंह ने पगड़ी संभाल आंदोलन की शुरुआत की थी।

 

संयुक्त किसान मोर्चा के डॉ. दर्शनपाल का कहना है कि मौजूदा किसान आंदोलन में भी इसकी परछाई झलकती है। मोर्चा की तरफ से सभी किसानों से अपील की गई है कि अपने वाहनों पर अजीत सिंह के पोस्टर-बैनर लगाकर इस कार्यक्रम में शामिल हो।

 

 

संयुक्त किसान मोर्चा ने मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल की ओर से किसानों के खिलाफ दिए जा रहे बयानों की निंदा करते हुए चेतावनी दी कि किसानों के सब्र की परीक्षा न लें। किसान नेताओं ने कहा कि पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के किसानों की महापंचायतो में भागीदारी लगातार हो रही है।

 

 

कई राज्यों से किसानों का जत्था दिल्ली के आंदोलन स्थल पर पहुंचने की तैयारी में भी है। अगले कुछ दिनों में एक बार फिर दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलनकारियों की संख्या में बढ़ोतरी का किसान नेताओं ने संकेत दिए हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.