नई दिल्ली :– विश्वभर में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है, इसी कड़ी में भारत देश मे भी जनता धूमधाम से योगा दिवस मना रही है।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्र को सम्बोधित करते हुए कहा कि जब भारत नें संयुक्त राष्ट्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा था तो उसके पीछे ये ही भावना थी कि योग विज्ञान पूरे विश्व के लिए सुलभ हो।
इस दिशा में भारत ने संयुक्त राष्ट्र, डब्लूएचओ के साथ मिलकर एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है.अब विश्व को M-Yoga एप की शक्ति मिलने जा रही है। मुझे पूरा विश्वास है M-Yoga ऐप योग का विस्तार दुनियाभर में करने और ‘वन वर्ड वन हेल्थ’ के प्रयासों को सफल बनाने में बड़ी भूमिका निभाएगा।
आज मेडिकल साइंस भी उपचार से साथ-साथ हीलिंग पर भी उतना ही बल देता है और योग हीलिंग प्रोसेस में उपकारक है। मुझे संतोष है कि आज योग के इस पहलू पर दुनियाभर के विशेषज्ञ अनेक प्रकार के साइंटिफिक रिसर्च भी कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि योग से हमें अनुभव होता है कि हमारी विचार शक्ति, आंतरिक सामर्थ्य इतनी ज्यादा है कि कोई परेशानी, नकारात्मकता हमें तोड़ नहीं सकती। योग हमें स्ट्रेस से स्ट्रेंथ की ओर तथा नेगेटिविटी से क्रिएटिविटी का रास्ता दिखाता है, योग हमें अवसाद से उमंग और प्रमाद से प्रसाद तक ले जाता है।
पीएम मोदी ने कहा कि कोरोना के इस संकट में योग उम्मीद की किरण बना है। आज जब पूरा विश्व कोरोना महामारी का मुकाबला कर रहा है तो योग उम्मीद की एक किरण बना हुआ है, 2 वर्ष से दुनियाभर के देशों में और भारत में भले ही बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित न हुआ हो, लेकिन योग दिवस के प्रति उत्साह जरा भी कम नहीं हुआ है।
कोरोना के डेढ़ वर्षों में भारत समेत कितने ही देशों ने बड़े संकट का सामना किया। दुनिया के अधिकांश देशों के लिए योग दिवस उनका सदियों पुराना सांस्कृतिक पर्व नहीं है, इस मुश्किल समय में इतनी परेशानी में लोग इसे आसानी से भूल सकते थे, लेकिन लोगों में योग का उत्साह और बढ़ा है।
कोरोना के बावजूद इस बार की योग दिवस की थीम ‘योग फॉर वेलनेस’ ने करोड़ो लोगों में योग के प्रति उत्साह को और बढ़ाया। मैं आज योग दिवस पर ये कामना करता हूं कि हर देश हर समाज और हर व्यक्ति स्वस्थ हो, सब एकसाथ मिलकर एक दूसरे की ताकत बनें।
करोना के अदृश्य वायरस ने जब दुनिया में दस्तक दी थी तब कोई भी देश मानसिक अवस्था से इसके लिए तैयार नहीं था, ऐसे कठिन समय में योग आत्मबल का एक बड़ा माध्यम बना, योग ने लोगों में ये भरोसा बढ़ाया कि हम इस बीमारी से लड़ सकते हैं।