REPUBLIC DAY CELEBRATED IN BIMTECH GR NOIDA
बिमटेक, ग्रेटर नॉएडा में सम्पूर्ण भारतवर्ष समेत भारत का ६७वां गणतन्त्र दिवस मनाया गया| आज प्रातः १० बजे कॉलेज के माननीय डायरेक्टर डॉ. हरिवंश चतुर्वेदी जी के हाथों ध्वजारोहण के साथ इस समारोह की शुरुआत हुई| शताब्दियों की परतंत्रता के उपरान्त भारत १५ अगस्त १९४७ को स्वतंत्र हुआ | स्वतंत्र होने पर देश के कर्णधारों ने भारत के नवीन संविधान को लागू किया | तभी से भारत का सर्वोच्च शासक राष्ट्रपति कहलाया | भारत का नवीन संविधान २६ जनवरी ,१९५० को लागू किया गया और यह दिन भारत का गणतंत्र-दिवस कहलाया |
सन १९३० में रावी नदी के तट पर कांग्रेस के लाहौर अधिवेशन में स्वर्गीय पंडित जवाहरलाल नेहरू ने पूर्ण स्वतंत्रता की घोषणा की| उन्होंने प्रतिज्ञा की कि “जब तक हम पूर्ण स्वतंत्रता प्राप्त न कर ले तब तक हमारा आन्दोलन चलता रहेगा और इसे प्राप्त करने के लिये हम अपने प्राणों की आहुति दे देंगे |”इसी कारण २६ जनवरी का दिन ही भारत के गणतंत्र की घोषणा के लिये चुने गया| २६ जनवरी १९५० को भारत पूर्णरूपेण गणतंत्र राज्य घोषित कर दिया गया| इस दिन लार्ड माउंटबेटन के स्थान पर डा. राजेंद्र प्रसाद हमारे राष्ट्र के प्रथम राष्ट्रपति बने|
ध्वजारोहण पश्चात् डॉ. चतुर्वेदी ने सभी उपस्थित लोगों को भारत के अपने गणतंत्र दिवस के ६७ वर्ष पूर्ण करने की हार्दिक बधाई दी | उन्होंने कहा कि गणराज्य चार स्तम्भों पर टिका है |वे हैं –विधानपालिका,न्यायपालिका,कार्यपालिका एवं जनसंचार माध्यम |हमारा संविधान विविधता की पूजा करता है |उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि हमें यह आकलन करना चाहिए कि आज हम संविधान में व्यक्त बातों का कितना अनुसरण कर रहे हैं |हमारे देश ने साम्प्रदायिकता ,पिछड़ापन को किस हद तक परास्त किया है,इसका आकलन अत्यंत आवश्यक है |उन्होंने समारोह में आए अध्यापकों एवं विद्यार्थियों को डा.भीमराव अम्बेडकर और डा. राजेंद्र प्रसाद के विचारों से अवगत कराया एवं उनके दिखाए मार्ग पर चलने के लिये उत्साहित किया |अंत में उन्होंने जय हिन्द,वन्देमातरम् और इन्कलाब जिंदाबाद का नारा देकर अपने भाषण का समापन किया |तत्पश्चात् रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन हुआ जो पूर्ण रूप से देश पर समर्पित थे |
Comments are closed.