New Delhi: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले अकाली दल (SAD) नेता मनजिंदर सिंह सिरसा बीजेपी में शामिल हो गए हैं। इस मौके पर बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, गजेंद्र सिंह शेखावत, दुष्यंत गौतम मौजूद रहे। गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि उत्तर भारत की राजनीति में सिख चेहरों में जो चेहरा दिमाग में आएगा, वो सिरसा का ही आएगा। इनको मैं बीजेपी परिवार में शामिल कराता हूं।
आपको बतादें कि बीजेपी में शामिल होने से ठीक पहले सिरसा ने दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। साथ ही कहा था कि वह DSGMC का आतंरिक चुनाव नहीं लड़ने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “निजी कारणों से दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमिटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देता हूं। देश और दुनिया के सिखों ने काफी मान बक्शा है। अगले चुनाव से भी खुद को दूर रखूंगा। अपने सदस्य, शुभचिंतकों का धन्यवाद देता हूँ, जिन्होंने अब तक साथ दिया है।”