Special News Story on Greater Noida Beta 2 Dacoits Arrestted

कासना क्षेत्र के बीटा 2 सेक्टर में रहने वाले व्यापारी के घर बीते 4 जनवरी को पड़ी डकैती के मामले में पुलिस ने आठ बदमाशों को गिरफ्तार करते हुए डकैती कांड का खुलासा कर दिया है । पुलिस ने इनके पास से एक लाख 64 हजार रूपए नगद व 61 ग्राम सोना बरामद किया है। गिरफ्तार बदमाशों के पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक होंडा सिटी कार, 5 तमंचा, 7 पिस्टल व भारी मात्रा में कारतूस, 6 मोबाइल बरामद किये है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि व्यापारी के घर में पुताई करने आये एक पेंटर ने घटना का षडयंत्र रचा था। इस घटना में शामिल दो बदमाश अभी भी फरार हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक किरण एस ने बताया कि बीते 4 जनवरी को बीटा सेक्टर में रहने वाले व्यापारी बालकिशन के घर पर दर्जनभर बदमाशों ने धावा बोलकर परिवार के लोगों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर लूटपाट की थी। इस मामले के खुलासे के लिए थाना कासना के प्रभारी निरीक्षक अनिल प्रताप सिंह व क्राइम ब्रांच को लगाया गया था। एसएसपी ने बताया कि बीती रात को एक सूचना के आधार पर थाना कासना पुलिस ने व्यापारी के घर में डाका डालने वाले सत्तार, सुनील, राॅकी, जीतू, राकेश, शेरू, चांद, शहरूख को उस समय दबोच लिया जब वो लूट का माल तुगलपुर आये हुए थे। पुलिस ने इनके पास से व्यापारी के घर से लूटी गयी दो लाख 55 हजार रूपए में से 1 लाख 64 हजार रूपए नगद बरामद किये हैं। इनके पास से 61 ग्राम सोना मिला है जो व्यापारी के घर से लूटा गया था। इस घटना में शामिल सुरेंद्र व संजय अभी भी फरार हैं। पुलिस कप्तान ने बताया कि व्यापारी के घर तीन-चार माह पूर्व पुताई हुई थी। इनके बेटा सुशील की ससुराल से सत्तार नामक पेंटर पुताई करने आया था। उसने उनके घर में रैकी की तथा संजय यादव नामक अपने दोस्त से बताया कि सेठ जी के घर में बहुत माल है। संजय ने गढ़ी गांव में रहने वाले सुरेंद्र से इस बात की चर्चा की। सुरेंद्र ने अपने भतीजे सचिन आदि को डकैती के लिए तैयार किया। व्यापारी के घर में डाका पड़ता इससे पहले ही सचिन आदि ने थाना फेस-3 क्षेत्र में सूट बनाने वाली एक कंपनी के कर्मचारियों से 29 लाख रूपए की लूट कर ली। इस मामले में वे गिरफ्तार हो गये। सुरेंद्र ने फिर से गैंग इकट्ठा किया। घटना वाले दिन सभी लोग नोएडा के गढ़ी चैखंडी में इकट्ठे हुए तथा सुबह 10 बजे एक बुलेरो कार व होंडा सिटी कार में सवार होकर ग्रेटर नोएडा गये तथा बालकिशन के घर में डाका डाला। —

Comments are closed.