Startup India launch today

आज होगा स्टार्ट अप इंडिया का आगाज, पीएम मोदी करेंगे अभियान की शुरुआत

नई दिल्ली। देश में किसी रॉक कॉन्सर्ट या खेलों से जुड़े बड़े आयोजन की टिकटें लेने को तो लोगों की दीवानगी जब-तब देखने को मिलती रही है, लेकिन किसी सरकारी कार्यक्रम के लिए शायद ही ऐसा हुआ हो। स्टार्ट अप इंडिया के साथ यह बात सच साबित हुई है। शनिवार से शुरू हो रहे अभियान ने देश-विदेश से लोगों को आकर्षित किया है।

देश में स्टार्ट अप्स को बढ़ावा देने के लिए अमेरिका की सिलिकॉन वैली से आए निवेशकों के एक समूह ने सरकार से टैक्स में रियायतों के साथ नीतियों को लचीला बनाने की मांग की है।

इन निवेशकों का कहना है कि स्टार्ट अप्स में निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए मॉरीशस से होने वाले निवेश की भांति टैक्स रियायतें मिलनी चाहिए। इतना ही नहीं निवेशकों का कहना है कि सरकार को कारोबार शुरू करने, बंद करने और पूंजी जुटाने के नियमों को भी आसान बनाना होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को स्टार्ट अप इंडिया अभियान की शुरुआत करते हुए इसके लिए एक्शन प्लान की घोषणा करेंगे। इसकी पूर्व संध्या पर टाइ सिलिकॉन वैली के निवेशकों की एसोसिएशन के सदस्यों ने औद्योगिक नीति व संवर्धन विभाग (डीआइपीपी) सचिव अमिताभ कांत के साथ एक संयुक्त प्रेसवार्ता में स्टार्ट अप्स में निवेश को प्रोत्साहित करने की दिशा में अपने सुझाव रखे।

Comments are closed.