नई दिल्ली :– दिल्ली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है , जी हाँ दिल्ली पुलिस ने 26 जनवरी को लाल किले पर उपद्रव के मामले में 50 हजार रुपये के इनामी को गिरफ्तार किया है।
खास बात है कि पुलिस ने 100 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक पीछा करने के बाद आरोपी सुखदिव सिंह को गिरफ्तार किया है. इसके बाद दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम आरोपी को दिल्ली ले आई है।
क्राइम ब्रांच की एसआईटी को इनपुट मिला था कि लाल किला उपद्रव के आरोपी सुखदेव की लोकेशन करनाल में है. सुखदेव करनाल का रहने वाला भी है. क्राइम ब्रांच की एसआईटी टीम सुखदेव सिंह के घर पहुंची लेकिन इसके पहले ही आरोपी को भनक लगी और मौका पाकर फरार हो गया।
बाद में पुलिस को लोकेशन मिली कि सुखदेव चंडीगढ़ की तरफ कार से जा रहा है। एसआईटी की टीम सुखदेव का पीछा करते हुए चंडीगढ़ पहुंची. वहां भी सुखदेव ने पुलिस को गच्चा दिया, लेकिन उसकी गाड़ी की पहचान हो चुकी थी. चंडीगढ़ में इंडस्ट्रीयल एरीया में सेंटरा मॉल के पास सुखदेव को दबोचा गया।
गौरतलब है कि कृषि कानूनों के खिलाफ किसान दिल्ली के सिंघु, गाजीपुर और टिकरी बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं. इसी क्रम में किसानों ने दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकाली थी. इस परेड के दौरान दिल्ली के आईटीओ और लाल किले समेत कई इलाकों में हिंसा हो गई थी. दिल्ली पुलिस लगातार हिंसा के आरोपियों की पहचान कर रही है और उनकी गिरफ्तारी की जा रही है।