कर्मचारियों की हड़ताल जारी, नहीं पहुंचे तहसील दिवस में
राज्यकर्मचारियों की हड़ताल का असर शासन के लोक कल्याणकारी कार्यक्रमों पर भी पड़ने लगा है। एक सप्ताह से चल रही हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। मंगलवार को तहसील दिवस था, मगर कर्मचारी तहसील दिवस में नहीं पहुंचे। जिससे तहसील दिवस में भी काम प्रभावित हुआ।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के आहवान पर कर्मचारियों द्वारा हड़ताल की जा रही है। कर्मचारियों की हड़ताल से सरकारी कामकाज काफी प्रभावित हो रहा है। पिछले एक सप्ताह से कार्यालय में काम नहीं हो पा रहा है। मंगलवार को भी कर्मचारियों की हड़ताल जारी रही। मंगलवार को शासन द्वारा निर्धारित तहसील दिवस का आयोजन किया जाता है। यह आयोजन पहले और तीसरे मंगलवार को किया जाता है। मंगलवार को तहसील दिवस था और सभी अधिकारी तहसील दिवस में चले गए। मगर कर्मचारियों ने तहसील दिवस में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। कर्मचारियों द्वारा हड़ताल जारी रखी गई। जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारी तहसील दिवस में चले गए, मगर कर्मचारी विकास भवन में हड़ताल पर बैठे रहे। कर्मचारियों का कहना है कि शासन द्वारा मांगे नहीं मानी जाएगी, तो कर्मचारी हड़ताल पर बैठे रहेंगे। वहीं, तहसील दिवस पर कर्मचारियों की कमी के चलते काम प्रभावित हुआ। किसी तरह कर्मचारियों ने अपना काम चलाया।