तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूटा हुआ माल बरामद – हथियारों के बल पर करते थे लूटपाट

नोएडा। जनपद मे बढ़ती लूट व चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में आखिरकार पुलिस को एक सफलता हासिल हुई है। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस ने बीती रात सेक्टर से चेकिंग के दौरान तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों लुटेरों के कब्जे लूटे हुए 37 हजार रुपए, एक घड़ी, एक देशी तमंचा, दो कारतूस व दो मोटरसाईकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात के समय पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि तीन बदमाश अपाची मोटर साइकिल पर सवार होकर हरौला की ओर से सेक्टर-8 की तरफ जा रहे है। मुखबिर ने बताया की जो मोटरसाईकिल चला रहा है वह बदमाश 9 जून को जीआईपी मॉल पर हुई लूट में शामिल था। पुलिस ने तीनों मोटरसाईकिल सवार बदमाशों को बैरियर लगाकर ए-5 सेक्टर-8 से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम हसन पुत्र इस्लाम, शकील पुत्र इस्लाम निवासी 20 फुटा रोड़ निकट निलगरों वाली मस्जिद प्रेम नगर लोनी व जाहिद पुत्र निजामूददीन निवासी 30 फुटा रोड़ निकट पानी की टंकी प्रेमनगर लोनी बताया। तलाशी के दौरान हसन से लूट की एक घड़ी व 19 हजार रुपए, शकील से नरौला होटल सेक्टर-2 से 5 साल पहले चोरी हुए मोटर साइकिल अपाची व 4 हजार रुपए, जाहिद से एक देशी तमंचा, दो जिंदा कारतूस व 4 हजार रुपए बरामद हुए है। पूछताछ मे तीनों बदमाशों ने बताया की अपाची मोटरसाईकिल उन्होंने 5 साल पहले सेक्टर-2 स्थित नरौला होटल से चोरी की थी व गत दिनों पहले हुई सेक्टर-19 लूट से संबंधित पल्सर मोटर साइकिल भी पुलिस ने बरामद कर ली है। उन्होंने बताया कि दो माह पूर्व उनके साथी सुलेमान व शाजिद ने उन्हें एक स्विफ्ट डिजायर कार, तीन सोने की अंगुठी व एक सोने की चैन बेचने के लिए दी थी जो सुलेमान व साजिद ने सैक्टर-10 नोएडा से लूटी थी। सोने की चैन व अंगुठियां इन लूटेरों ने 10 हजार रुपए में बेच दी थी। पकडे गए बदमाश हसन पुत्र इस्लाम पर कोतवाली लोनी, सिहानी गेट सेक्टर-39 में मामला दर्ज है व कोतवाली करावल नगर दिल्ली मे पिस्टल भी बरामद हुई थी। जिसमें हसन पूर्व में भी जेल में जा चुका है व जाहिद पर कोतवाली न्यू जाफराबाद दिल्ली, कोतवाली जीटीबी नगर दिल्ली कोतवाली में मामला दर्ज है। पुलिस ने तीनों बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।

Comments are closed.