सेंट्रल कर्मचारी करेंगे काउंटिंग -निष्पक्ष काउंटिंग को लेकर इलेक्शन डिपार्टमेंट अलर्ट
शुक्रवार को फेस टू स्थित फूल मंडी में होने वाली काउंटिंग में सिर्फ सेंट्रल गवर्नमेंट के कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। स्टेट गवर्नमेंट के सिर्फ मास्टर ट्रेनर्स को काउंटिंग असिस्टेंट की ड्यूटी लगाई गई है। जिलाधिकारी ने निष्पक्ष काउंटिंग को लेकर कड़े निर्देश दिए हैं। ताकि पूर्व की तरह प्रशासन पर पक्षपात का कोई आरोप न लग सके।
आज गौतमबुद्ध नगर संसदीय सीट की फेस टू में काउंटिंग होने जा रही है। इलेक्शन डिपार्टमेंट ने काउंटिंग के लिए कुल 228 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। जिसमें 4-4 कर्मचारियों की 57 पार्टी होगी। प्रत्येक लोकसभा सीट में 14 टेबल लगेंगी। इस तरह 42 पार्टी टेबल पर लगाई जाएंगी। जबकि दो-दो पार्टियां ईआरओ टेबल पर लगाई जांएगी। इसके अलावा 9 पार्टियों को रिजर्व रखा गया है। डिस्ट्रिक्ट इनफार्मेशन आॅफिसर व प्रभारी कर्मिक पवन मंगल ने बताया कि चुनाव में निष्पक्षता को देखते हुए जिलाधिकारी ने सेंट्रल गवर्नमेंट के कर्मचारियों को ड्यूटी पर लगाने का निर्देश दिया है। जिसके उपरांत 90 फीसदी कर्मचारी सेंट्रल के लिए गए हैं। इसमें अधिकांश कर्मचारी बैंकों के लिए गए हैं, ताकि काउंटिंग के दौरान कोई गड़बड़ी न हो। डीआईओ ने बताया कि स्टेट गवर्नमेंट के सिर्फ मास्टर ट्रेनर को काउंटिंग असिस्टेंट के रूप में लगाया गया है। जबकि काउंटिंग आॅफिसर, माइक्रो आॅब्जर्वर और चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी सेंट्रल गवर्नमेंट के हैं। बता दें कि वर्ष 2009 में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव की काउंटिंग में पक्षपात का आरोप लगाया गया था। इसलिए इस बार प्रशासन ने सेंट्रल कर्मचारियों को काउंटिंग में लगाया है।
प्रत्येक टेबल पर होगा कैमरा
सिटी मजिस्ट्रेट जयपाल सिंह ने बताया कि काउंटिंग के दौरान किसी तरह की गड़बड़ी न होने पाए, इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। इसके लिए प्रत्येक टेबल पर एक-एक कैमरे की व्यवस्था की गई है। ताकि काउंटिंग में यदि कोई शिकायत हो, तो उसे पकड़ा जा सके। इसके साथ प्रत्येक विधानसभा में एक-एक ब्राॅड बैंड कनेक्शन दिया गया है। जबकि 2 ब्राॅड बैंड कनेक्शन एनआईसी कंट्रोल रूम में बैकअप के लिए रखे गए हैं, जहां से इलेक्शन कमिशन को सूचना भेजी जाएगी।
सबसे अधिक नोएडा में राउंड
जिले की तीन विधानसभाओं में सबसे अधिक देर तक नोएडा विधानसभा में काउंटिंग चलेगी। नोएडा में 461 पोलिंग स्टेशन हैं, जहां पर 33 राउंड में काउंटिंग की जाएगी। जबकि दादरी में 27 राउंड की काउंटिंग होगी। यहां पर कुल 383 पोलिंग स्टेशन है। वहीं, जेवर विधानसभा क्षेत्र में 318 पोलिंग स्टेशन हैं और यहां पर 23 राउंड की काउंटिंग होनी है।
सबसे पहले पोस्टल बैलेट की काउंटिंग
सिटी मजिस्ट्रेट जयपाल सिंह ने बताया कि सबसे पहले पोस्टल बैलेट की काउंटिंग की जाएगी। जिले में 703 पोस्टल बैलेट भेजे गए थे, जबकि बुलंदशहर की खुर्जा व सिकंद्राबाद विधानसभा में 2300 पोस्टल बैलेट भेजे गए थे। इसमें अभी 44 पोस्टल बैलेट प्रशासन को मिल चुके हैं। जबकि शेष को काउंटिंग के दिन सुबह 8 बजे से पहले तक रिसीव किया जाएगा और उसके बाद प्राप्त बैलेट को रद्द माना जाएगा। इसके साथ जिले 900 कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान दूसरे पोलिंग स्टेशनों पर वोटिंग की है। जिनकी काउंटिंग के बाद ईवीएम के वोट की गणना की जाएगी।
Comments are closed.