यमुना एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार का कहर, 1 की मौत, 2 गंभीर रूप से घायल

ABHISHEK SHARMA

Galgotias Ad

ग्रेटर नोएडा : एक बार फिर यमुना एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां तेज रफ्तार में जा रही ब्रेजा कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

ब्रेजा कार में सवार सभी लोग प्रयागराज से दिल्ली आ रहे थे। इसी बीच रबूपुरा थाना क्षेत्र के पास ये हादसा हुआ। यमुना एक्सप्रेस वे पर पहुंचकर रफ्तार पर नियंत्रण नहीं होने की वजह से गाड़ी पलटी है और गाड़ी में सवार एक शख्स की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को नजदीकी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है और उनका इलाज जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक प्रयागराज के रहने वाले तीन लोग कुलदीप, धनंजय और सतीश चंद्र गंगवार ब्रेजा कार में सवार होकर दिल्ली जा रहे थे। यमुना एक्सप्रेस वे पर 0 पॉइंट से 28 किलोमीटर पर इनकी तेज रफ्तार कार में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे में सतीश चंद्र गंगवार की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि उनके दो साथी कुलदीप और धनंजय घायल हुए हैं। यमुना एक्सप्रेस वे के बचाव दल और कर्मियों ने घायलों को जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया है। रबूपुरा पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं।

रबूपुरा के एसएचओ ने बताया कि हादसा बुधवार की सुबह तड़के 3:25 बजे पर हुआ है। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। कार में फंसे घायल लोगों को निकालने के लिए बचाव दल ने कड़ी मशक्कत की है। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है। दो घायलों को एंबुलेंस से लेकर गए और कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

डॉक्टरों ने उनकी हालत भी चिंताजनक बताई है। रात में ही इन लोगों के परिजनों को हादसे के बारे में जानकारी दे दी गई थी। अभी तक परिवार के सदस्य नहीं पहुंचे हैं। नोएडा और दिल्ली से कुछ रिश्तेदार आ चुके हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.