लखनऊ : दो आईएएस समेत 11 अधिकारियों के खिलाफ मामला हुआ दर्ज , महिला अधिकारी ने लगाए गंभीर आरोप
Ten News Network
लखनऊ की महानगर कोतवाली में एक बहुत ही गंभीर मामला दर्ज हुआ है , जहां पर एक महिला अधिकारी ने अपने विभाग के 11 अधिकारियों पर महिला उत्पीड़न एवं प्रताड़ना का आरोप लगाया है। महिला अधिकारी का आरोप है कि यह अधिकारी उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं और विरोध करने पर उसे छत से फेकने की धमकी भी देते हैं।
मामला न्यू हैदराबाद स्थित राज्य नियोजन संस्थान का है , उसी संस्थान की महिला अधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराया है। महिला का कहना है कि,” उसे झूठे आरोपों में फंसा कर उसके साथ लैंगिक उत्पीड़न का प्रयास किया जा रहा है।
इसके अलावा महिला अधिकारी ने बताया कि उसको विभागीय दस्तावेजों के माध्यम से गंभीर मामलों में फंसाने की भी कोशिश की जा रही थी , लेकिन अब महिला आयोग के हस्तक्षेप के बाद पीड़ित महिला अधिकारी ने महानगर कोतवाली लखनऊ में राज्य नियोजन संस्थान के दो वर्तमान और एक पूर्व आईएएस अधिकारियों के साथ-साथ 11 अन्य अधिकारियों पर भी धोखाधड़ी एवं षड्यंत्र की धाराओं के तहत मामला दर्ज करवाया है।
बात यदि आरोपियों की करें तो इसमें एक आईएएस अधिकारी डॉक्टर सतवीर सिंह 31 दिसंबर 2020 के दिन राज्य नियोजन संस्थान के संयुक्त निदेशक पद से रिटायर्ड हुए थे, वही दूसरी तरफ पीड़ित महिला अधिकारी ने 2012 बैच के आईएएस अधिकारी अंकित अग्रवाल और ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी पर आरोप लगाए हैं।
इस पूरे घटनाक्रम पर एडीसीपी प्राची सिंह ने कहा कि, “महिला अधिकारी द्वारा उसके कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न के सभी आरोपों कि पूर्व से ही विभागीय जांच चल रही है और अब पुलिस ने महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और इसकी गंभीरता से जांच शुरू हो चुकी है।
इसके अलावा एडीसीपी प्राची सिंह ने कहा कि, हमें महिला अधिकारी ने बताया है कि उसने विभाग में हो रही अनियमित्ताओं की शिकायत अपने उच्च अधिकारियों से की थी , किंतु शिकायत के बाद उस पर कोई कार्यवाही नहीं हुई , उल्टा शिकायत के बाद उच्च अधिकारियों द्वारा भी महिला अधिकारी को प्रताड़ित किया जाने लगा।
महिला अधिकारी को झूठे मामलों में फंसाया जाने लगा, उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जाने लगा, उसको जान से मारने की धमकी दी गई और तो और उसके खिलाफ आरोपपत्र भी दाखिल कर दिया गया । इतना सब कुछ होने के बाद महिला अधिकारी ने थक हार कर राज्य महिला आयोग का दरवाजा खटखटाया। जिसके बाद राज्य महिला आयोग के आदेश पर महानगर कोतवाली में शिकायत दर्ज की गई और महिला अधिकारी की शिकायत के आधार पर पूर्व आईएएस अधिकारी सतवीर सिंह और दो आईएएस अधिकारी ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी ,अंकित कुमार अग्रवाल समेत राज्य नियोजन संस्थान में काम करने वाले 11 अधिकारी जिनका नाम डॉक्टर संतराम, सैयद आफाक, राजेंद्र कुमार यादव, दिनेश कुमार, डॉ दिव्या सरीन मेहरोत्रा, डॉक्टर गोविंदा बाबू, उमेश कुमार एवं वर्तिका श्रीवास्तव के विरुद्ध षडयंत्र, धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज बनाने, जान से मारने की धमकी देने समेत कई अन्य आरोप धाराओं के तहत एफ आई आर दर्ज कर मामले की कार्यवाही शुरू कर दी है।