कोरोना : ग्रेटर नोएडा में 1 तो नोएडा में 11 मामले आए सामने, 3 साल का बच्चा व नर्स भी संक्रमित

Abhishek Sharma

गौतमबुद्धनगर में कोरोना वायरस का संक्रमण रुकने का नाम नहीं ले रहा है। यहां मरीजों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। आज जिले में कोरोना से संक्रमित 12 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद यहां मरीजों की संख्या बढ़कर 92 हो गई है।

आपको बता दें कि यहां पिछले 4 दिनों में 28 कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। आज 12 नए केस सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन की चिंताएं जरूर बढ़ गई हैं।

12 नए मामलों में एक 3 साल का बच्चा भी शामिल है, जो अपने माता-पिता के संपर्क में आने के बाद कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। बच्चे के माता-पिता, जो कि नोएडा के सेक्टर 74 स्थित सुपरटेक केपटाउन के रहने वाले हैं, वे पहले से ही कोरोना पॉजिटिव हैं और उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

आज पॉजिटिव मिले 12 मामलों में से 11 लोग नोएडा के रहने वाले हैं। जबकि एक महिला नर्स ग्रेटर नोएडा के गामा वन सेक्टर की रहने वाली है। 26 वर्षीय नर्स नोएडा के सेक्टर 39 में क्वॉरेंटाइन वार्ड में कार्यरत थी, जो कि मरीजों के संपर्क में आकर संक्रमित पाई गई है।

वहीं नोएडा के सेक्टर 93ए की एल्डिको उटोपिया सोसाइटी में 5 नए मामले सामने आए हैं। यह सभी लोग पहले पॉजिटिव पाए गए लोगों के संपर्क में आकर संक्रमित हुए हैं। वहीं 4 नए मामले नोएडा के सेक्टर 50 के हैं। यह लोग भी कोरोना संक्रमित परिजन के संपर्क में आकर पॉजिटिव पाए गए हैं।

वहीं एक अन्य शख्स, जो नोएडा के सेक्टर 20 में रह रहा था जो कि कोरोना पॉजिटिव पाया गया है और दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस व्यक्ति ने नोएडा में ही निजी लैब से कोरोना टेस्ट कराया था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.