उत्तर प्रदेश में 14 और कोरोना मरीजों की पुष्टि, 1117 लोग जमाती या उनसे संबंधित
Abhishek Sharma
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का खतरा थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा आंकड़ों के अनुसार शनिवार सुबह 14 और मरीजों में कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया। इसी के साथ प्रदेश में अब कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 2342 पर पहुंच गई है।
इससे पहले शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 116 नए केस सामने आए थे। उत्तर प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में अभी 1632 कोरोना संक्रमितों का इलाज चल रहा है जबकि 654 मरीज इलाज के बाद ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
केसों में तबलीगी जमात और इनसे संबद्ध व्यक्तियों की संख्या 1117 है। तबलीगी जमात की ये संख्या प्रदेश के कुल मरीजों की संख्या का 48 प्रतिशत है। प्रदेश में तबलीगी जमात के कारण मरीजों की संख्या तेजी से इजाफा हुआ है।
उत्तर प्रदेश में आगरा में कोरोना संक्रमितों का मिलना लगातार जारी है। मात्र तीन दिनों में ही संक्रमितों की संख्या 100 से पार हो गई। शुक्रवार को 22 नए केस संक्रमित निकले तो नौ हॉटस्पॉट बढ़ा दिए गए हैं।
इन इलाकों में सैंपलिंग का काम शुरू करा दिया गया है। वहीं, शहर में अबतक 124 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। आगरा में अभी तक सात हजार लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं।