नोएडा में कोरोनावायरस के 2 नए मरीजों की पुष्टि , देश में आए 13 नए मामले
ABHISHEK SHARMA
Noida 17/03/20) : नोएडा में दो लोग कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं। देश में आज कोरोना वायरस के 13 नए मामले सामने आए हैं। 15 राज्यों में अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या 127 हो गई है। महाराष्ट्र में 39 लोग संक्रमित हैं जोकि देश में सबसे ज्यादा है। भारत ने अफगानिस्तान, फिलीपींस और मलयेशिया पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है।
गौतमबुद्धनगर के सीएमओ अनुराग भार्गव ने कहा कि नोएडा में दो व्यक्ति कोरोनोवायरस पॉजिटिव पाए गए हैं। एक सेक्टर 78 में और दूसरा सेक्टर 100 का रहने वाला है। दोनों फ्रांस से वापस आए थे। दोनों को अस्पताल में पृथक रखा गया है।
भारत के 15 राज्यों में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 125 हो गई है। इनमें 103 भारतीय और 22 विदेशी शामिल हैं। ये आंकड़ा मंगलवार सुबह 9.15 बजे तक का है। सरकार ने जानलेवा कोरोना वायरस से बचाव के लिए देशभर में स्कूल, कॉलेज, मॉल, स्वीमिंग पूल आदि को 31 मार्च तक बंद रखने का निर्देश दिया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को बड़ा फैसला लेते हुए 18 मार्च से तुर्की, ब्रिटेन और यूरोपीय संघ की विमान सेवा को बंद करने का फैसला किया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने 31 मार्च तक सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि देशभर में सभी स्कूल, स्वीमिंग पूल, मॉल्स को बंद कर देने चाहिए।
इसके अलावा कर्मचारियों को घर से काम करने देना चाहिए। साथ ही सार्वजनिक परिवहन के साधनों का कम से कम उपयोग करें। इसके अलावा लोगों से एक मीटर का फासला रखें। उन्होंने बताया कि यूएई, कतर, ओमान और कुवैत से आने वाले प्रत्येक यात्री के लिए अनिवार्य रूप से 14 दिन के लिए क्वारनटाइन होगा।