ग्रेटर नोएडा वेस्ट : एटीएम को तोड़कर चोरी का प्रयास कर रहे दो चोर गिरफ्तार
Abhishek Sharma
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र में एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां के गौर सिटी-4 एवेन्यू के पास स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को तोड़कर दो बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया।
जब बदमाश घटना को अंजाम दे रहे थे, तभी किसी व्यक्ति ने उन्हें देख लिया और पुलिस को सूचित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया है।
वहीं, गौर सिटी निवासी किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बनाकर, सोशल मीडिया पर डाल दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
सहायक पुलिस आयुक्त राजीव कुमार सिंह ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र के फोर्थ एवेन्यू गौर सिटी में एक्सिस बैंक का एटीएम है। यहां पर रोशन व सत्य नामक दो बदमाश शुक्रवार देर रात को पहुंचे। दोनों चोरी करने की नियत से एटीएम तोड़ने लगे।
उन्होंने बताया कि सोसायटी के किसी निवासी ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। इनके पास से एटीएम तोड़ने में काम आ रही हथौड़ी और अन्य औजार पुलिस ने बरामद किए हैं।
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों नशे के आदी हैं। उन्होंने बताया कि एक्सिस बैंक के अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
