दिल्ली में नहीं थम रहा कोरोना का प्रकोप, पिछले 24 घंटे में 357 लोगों की मौत, 24000 से ज्यादा नए मामले आए सामने
Ten News Network
राजधानी दिल्ली में शनिवार को कोरोना संक्रमण के कारण एक दिन में सबसे ज्यादा 357 लोगों की मौत हो गई और कोरोना के 24,103 नए मामले सामने आए। दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के शनिवार को जारी बुलेटिन में यह जानकारी दी गई। दिल्ली में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 10 लाख के पार पहुंच गई है और कुल 13,898 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, दिल्ली के अस्पतालों से ऑक्सिजन की कमी की लगातार बात सामने आ रही है। दिल्ली के अस्पताल सरकार से लगातार ऑक्सिजन कमी की गुहार लगा रहे हैं लेकिन उन्हें कोई मदद नहीं मिल पा रही है।
दिल्ली सरकार ने शनिवार को दिल्ली हाईकोर्ट से कहा कि राष्ट्रीय राजधानी को आवंटित 480 मिट्रिक टन ऑक्सिजन की तुलना में शुक्रवार को उसे 309 मिट्रिक टन मेडिकल ऑक्सिजन मिली, जो शहर के अस्पतालों में ऑक्सिजन संकट का अहम कारण है। आप ने एक बयान में कहा कि शहर को आवंटित ऑक्सिजन की तुलना में लगातार रोजाना कम ऑक्सिजन मिल रही है, जिसके बाद यह संकट पैदा हुआ।
दिल्ली हाईकोर्ट ने शनिवार को केन्द्र और दिल्ली सरकार को कोरोना मरीजों का इलाज कर रहे अस्पतालों को मेडिकल ऑक्सिजन उपलब्ध कराने के मामले पर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया तथा कहा कि नागरिकों को मरने के लिए नहीं छोड़ा जा सकता। आप ने कहा कि अदालत ने दिल्ली के लिए ऑक्सिजन टैंकर उपलब्ध कराने की अपनी जिम्मेदारी से बचने की केंद्र की ”कोशिश को नुकसान” पहुंचाया है।