नई दिल्ली :– राजधानी दिल्ली का जहांगीरपुरी कोरोना वायरस के मरीजों का गढ़ बनता जा रहा है। कुछ दिन पहले इलाके के सी ब्लॉक में एक ही परिवार के 31 लोग कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अब फिर से इस इलाके के एच ब्लॉक तीन में 46 और लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
प्रशासन ने ब्लॉक को 14 अप्रैल को सील कर दिया था। और सर्वे कर सभी स्थानीय निवासियों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा था। उन्ही में से 46 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। जहांगीरपुरी से लगातार आ रहे कोरोना के मामले से प्रशासनिक अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है।
जहांगीरपुरी के लगभग सभी इलाकों को प्रशासन ने सील कर रखा है, इसके बावजूद कोरोना की चेन तोड़ने में सफलता नही मिल पा रही है। जहांगीरपुरी के विभिन्न ब्लॉकों से जो परिणाम सामने आए है वह बड़े चौंकाने वाले हैं।
अब तक इस इलाके में कोरोना से एक महिला की मौत हो चुकी है, कुल 85 पॉजिटिव पाए गए हैं। और चार लोग संक्रमण से ठीक हुए है।
जहांगीरपुरी इलाके में स्थित थाना और बाबू जगजीवन राम स्मारक अस्पताल में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है। अब तक 9 पुलिसकर्मी और तीन चिकित्सक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।