नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर बढी और भी सख्ती, लोगों का बुखार किया जा रहा चेक

Abhishek Sharma

गौतमबुद्धनगर जिले में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में इजाफा होने के बाद नोएडा-यूपी बॉर्डर पूरी तरह सील कर दिया गया है। सिर्फ उन्हीं वाहन चालकों को आवागमन की इजाजत है, जिन्हें पास जारी किया गया है।

शुक्रवार यानि आज सुबह से दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर भारी चेंकिग की जा रही है। इस दौरान बुखार-खासी वालों को एंट्री नहीं दी जा रही है, तो बिना पास वालों को वापस दिल्ली भेज दिया जा रहा है। यही स्थित दिल्ली की ओर से भी है। शुक्रवार सुबह डीएनडी पर सघन चेकिंग का नजारा दिखा।

कोरोना वायरस के संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए बृहस्पतिवार को दिल्ली की सीमाएं सील रहीं। दिल्ली से गाजियाबाद में आवाजाही पर पूरी तरह से (आवश्यक वस्तुओं व अपरिहार्य कारणों व वैध कारणों को छोडकर) बंद है।

यूपी गेट, भोपुरा, महाराजपुर, सूर्य नगर, शालीमार गार्डन, खोड़ा व लोनी स्थित दिल्ली की सभी सीमाएं सील हैं। बैरियर लगाकर पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। जांच-पड़ताल बाद आवश्यक वस्तुओं, अपरिहार्य कारणों व वैध पास वालों को ही आवागमन करने दिया जा रहा है।

बृहस्पतिवार को भी सीमाओं पर जांच-पड़ताल के बाद ही वैध लोगों को आवागमन करने दिया गया। हालांकि बैंक, आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मचारी, चिकित्सीय क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों, जिन्होंने ऑनलाइन पास के लिए अप्लाई कर दिया है, उन्हें पहचान पत्र देकर आवागमन करने दिया गया।

वहीं, यूपी गेट पर दिल्ली से आने वाले एंबुलेंस व जरूरी सामान के भारी वाहनों को गुजारने के लिए यूपी गेट फ्लाईओवर के एक लेन खोला गया।

आपको बता दें कि बीते दिन गौतम बुद्ध नगर के निवासियों के लिए बेहद सुकून देने वाली खबर आई है। यहां एक्टिव केसों की संख्या स्वस्थ होने वाले मरीजों से कम हो गई है।

यहां पर अब तक कुल 103 केस मिले हैं। जिनमें से 54 मरीज स्वस्थ होकर वापस अपने घर जा चुके हैं। वहीं 49 लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है।

गौतमबुद्ध नगर के डीएम सुहास एलवाई ने कहा कि उम्मीद है, आने वाले दिनों में और भी मरीज स्वस्थ होकर घर भेजे जाएंगे और जल्द ही जिले में कोरोना संक्रमण बीमारी पर पूरी तरह से रोकथाम लगाई जा सकेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.