दिल्ली में 24 घण्टे के अंदर 472 नए मामले , कोरोना मरीजों की संख्या 8470 हुई
Rohit Sharma
नई दिल्ली :– राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस संक्रमण से होने वाली मौत का आंकड़ा 115 तक पहुंच गया है, जबकि 24 घण्टे में संक्रमण के 472 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 8,000 के पार हो गई।
दिल्ली में एक दिन में मामलों की यह सर्वाधिक वृद्धि है , स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इससे पहले नये मामलों में पिछली सर्वाधिक वृद्धि सात मई को हुई थी, जिस दिन 448 मामले सामने आए थे।
दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को जारी एक बुलेटिन में कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या बढ़कर 115 हो गई है।
बुधवार को कुल मामलों की संख्या 7,998 थी, जिनमें 106 मौतें शामिल थीं. इन 472 नए मामलों के साथ, दिल्ली में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 8,470 हो गई है।
इसके अलावा दिल्ली में बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी भी कोविड-19 से संक्रमित मिले हैं. इनकी संख्या 400 से भी ज्यादा है । दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बुधवार को यह जानकारी दी थी. जैन ने मीडिया को बताया था कि बुधवार को कोरोना पॉजिटिव के 20 मरीजों की मौत हो गई थी. इसके अलावा बुधवार को संक्रमण के 359 नए केस सामने आये थे।
