कुत्तों को लेकर हुए विवाद में चीनी महिला की पिटाई करने वाला 60 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार

Abhishek Sharma

Galgotias Ad

आवासीय सोसायटी के बाहर अवारा कुत्तों को खिलाने को लेकर एक चीनी महिला की बहस हो गई। इसके बाद चीनी महिला की कथित रूप से पिटाई की गई। इस मामले में स्थानीय थाना पुलिस ने शुक्रवार को 60 वर्षीय एक व्यक्ति को मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी और चीनी महिला ग्रेटर नोएडा की एटीएस पाराडिजो सोसायटी में रहते हैं। आरोपी प्रॉपर्टी का काम करता है, जबकि महिला एक निजी कंपनी में काम करती है।इस कंपनी का मुख्यालय चीन में है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 25 मई को सोसायटी के बाहर हुई, जब यह व्यक्ति अपने पालतू कुत्ते के साथ घूम रहा था। वहीं, चीनी महिला अवारा कुत्तों को खिला रही थी।

बताया गया कि इस बीच अवारा कुत्तों और पालतू कुत्ते में झगड़ा हो गया। उस पर इस व्यक्ति ने महिला से कहा कि यदि वह रोजाना इन अवारा कुत्तों खिलाना चाहती है तो वह उन्हें गोद ले ले। अधिकारी ने कहा कि इस पर महिला ने सवाल किया कि आपको क्या दिक्कत है? इसके बाद उनके बीच बहस हो गयी। आरोप है कि शख्‍स ने महिला को डंडे से मारा।

पुलिस ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज की गयी। आरोपी अमरपाल सिंह को शुक्रवार को एटीएस गोलचक्कर के पास गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। चीनी नागरिक ने ट्विटर पर इस घटना का उल्लेख किया था। जिला पुलिस ने उसके ट्वीट पर जवाब दिया और उसे पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया था और उचित कार्यवाही को अंजाम दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.