ट्रक भाड़े पर लेकर महाराष्ट्र से यूपी आ रहे 69 मजदूरों को पकड़ा, किए गए क्वॉरेंटाइन
Abhishek Sharma
कोरोना वायरस महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पूरा देश 3 मई तक लॉक डाउन पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी लोगों से लॉक डाउन का पालन करने का अनुरोध किया था लेकिन इसके बावजूद उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में लॉकडाउन की धज्जियां उड़ाने वाला मामला सामने आया है जहां चेकिंग अभियान के दौरान 23 अप्रैल को पुलिस ने एक ट्रक में 69 मजदूरों को पकड़ा।
पुलिस के मुताबिक ये सभी मजदूर महाराष्ट्र से यूपी के श्रावस्ती, और बहराइच जिले जा रहे थे। पुलिस ने ट्रक में सवार सभी मजदूरों को मुख्यालय में बने एक आइसोलेशन वार्ड में 14 दिनों के लिए क्वारंटीन कर दिया है।
दरअसल ये मामला कबरई थाना क्षेत्र का है जहां बीती रात चेकिंग अभियान के दौरान एक ट्रक को रोक कर चेकिंग की गई तो उसमें 69 मजदूर पाए गए। जिसे देख पुलिस ने तुरंत जिले के आलाधिकारियों को सूचना दी गई और मजदूरों को क्वारंटीन सेंटर भेजा गया।
मजदूरों की मानें तो सभी मजदूरों ने आपस मे चंदा करके यह ट्रक भाड़े में तय किया था। महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश होते हुए ये लोग 23 अप्रैल को महोबा पहुंचे थे तभी कबरई पुलिस ने चेकिंग के दौरान इनके ट्रक को पकड़ लिया।
अधिकारियों का कहना है कि हमें सुबह सूचना मिली थी कि महाराष्ट्र से आये हुए एक ट्रक के अंदर 70 से 75 लोग हैं जो महाराष्ट्र मध्यप्रदेश की सीमा को लांघते हुए महोबा की कुलपहाड़ की सीमा से निकलकर जा रहे थे जिन्हें कबरई पुलिस ने पकड़ लिया है।