पंजाब में कपास फ़सल की बर्बादी का कारण राज्य सरकार, कृषि मंत्री के इस्तीफे समेत उनकी गिरफ्तारी की मांग : #AAP
8 अक्टूबर, नई दिल्ली
पंजाब में कपास की फसल पर सफ़ेद मक्खी के हमले पर बेअसर नक़ली कीटनाशक से तबाह अब तक एक दर्जन से ज्यादा किसानों ने पिछले डेढ़ महीने के दौरान ख़ुदकुशी कर ली है। पूरे देश को अनाज के मामले में आत्मनिर्भर बनाने वाले राज्य के किसानों के खुदकुशी का मसला बड़ी चिंता का विषय है और इसके लिए सीधे तौर पर राज्य की बादल सरकार द्वारा किया गया घोटाला जिम्मेदार है। सफ़ेद मक्खी कीट से पंजाब में कपास के 11 लाख एकड़ रकबे में करीब 60 फीसदी फ़सल तबाह हुई है। लेकिन किसानों को सिर्फ 600 करोड़ रुपये का पैकेज ही बादल सरकार ने दिया है जो पर्याप्त नहीं है।
आपको बता दें कि पंजाब में कीटनाशक सप्लाई करने का काम “मार्कफेड कॉओपरेटिव सोसाइटी” करती आई थी लेकिन इस बार पंजाब सरकार ने ये काम बिना किसी टेंडर आवेदन के “ओ-ब्रायन” नाम की एक फर्ज़ी कम्पनी को दे दिया। सरकार ने इस कंपनी से 33 करोड़ रुपए के कीटनाशक की ख़रीद कर किसानों को उपलब्ध कराया। साधारणत: एक फ़सल में 2 से 3 बार कीटनाशक छिड़काव की जरुरत होती है लेकिन “ओ-ब्रायन” नामक इस कीटनाशक को 14 से 15 बार छिड़कना पड़ा, किसानों का एक बार के कीटनाशक छिड़काव का खर्च 3300 से 3400 रुपए आता है लिहाज़ा उनका एक फ़सल पर खर्च भी पहले के मुकाबले काफी बढ़ गया। इस कीटनाशक की वजह से कपास की फ़सल खराब हुई तो इस कंपनी पर दबाव बढ़ने लगा, जांच हुई तो पाया कि इस “ओ-ब्रायन” नामक कीटनाशक को खरीदने से पहले सरकार की तरफ़ से किसी तरह की जांच के लिए लैब में भी नहीं भेजा गया था और ना ही पंजाब कृषि विश्वविद्यालय ने इस कीटनाशक की गुणवत्ता को मंजूरी दी थी, जांच में पाया गया कि इसमें शुद्दता का स्तर 17.5 मिला है जो अमूमन कीटनाशक में 22.5 होना आवश्यक होता है। ये सारा घोटाला उजागर हुआ तो सरकार ने लीपापोती करते हुए कार्रवाई के नाम पर सिर्फ कुछ डीलर और कृषि महकमे के निदेशक मंगल सिंह संधू के खिलाफ ही कार्रवाई की जबकि अपनी सरकार के कृषि मंत्री तोता सिंह को क्लीन चिट दे दी, जबकि इतनी बड़ी खरीद बिना कृषि मंत्री की सहमति के हो ही नहीं सकती। आम आदमी पार्टी की मांग है कि पंजाब सरकार में कृषि मंत्री तोता सिंह को तुंरत उनके पद से हटाया जाए और उन पर आपराधिक मुकदमा दर्ज़ करते हुए उनको तुरंत गिरफ्तार किया जाए, और साथ ही आम आदमी पार्टी की दूसरी मांग यह है कि पंजाब के कपास किसानों को 40 हज़ार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवज़ा दिया जाए।
सोमनाथ भारती के मामले में भी दिल्ली पुलिस की दुर्भावना आई सामने
8 अक्टूबर, नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस लगातार आम आदमी पार्टी के विधायकों के खिलाफ दुर्भावना के तहत कार्रवाई कर रही है। यह बात उस वक्त पुख्ता हो गई जब दिल्ली की एक कोर्ट ने घरेलू हिंसा के एक मामले में आम आदमी पार्टी के विधायक और दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती को ज़मानत देते हुए जो आदेश जारी किया उसमें कोर्ट ने कहा कि दिल्ली पुलिस बिना पुख्ता जांच के विधायक पर कार्रवाई कर रही है और कोर्ट ने अपने आदेश में इस बात का भी ज़िक्र किया कि शिकायत में सोमनाथ भारती की पत्नी की तरफ़ से जो कुत्ते से कटवाने के आरोप लगाए गए हैं वो प्रथमदृष्ठा आधारहीन नज़र आते हैं, शिकायत में यह कहा गया था कि सोमनाथ ने अपने कुत्ते को आदेश दिया था कि वो लिपिका पर हमला करे और इसके चलते लिपिका की कलाई पर चोट आने की भी शिकायत एफआईआर में की गई थी लेकिन कोर्ट ने पाया कि कुत्ता (डॉन) सोमनाथ भारती के किसी ऐसे आदेश को नहीं मान रहा है जिससे ये साबित होता हो कि डॉन ने सोमनाथ भारती की पत्नी पर हमला किया हो। सोमनाथ मामले में कोर्ट के आदेश की टिप्पणियों से ये साबित होता है कि दिल्ली पुलिस बीजेपी शासित केंद्र सरकार के इशारे पर दिल्ली के विधायकों के खिलाफ़ ज़बरदस्ती केस बना रही है और विधायकों को फर्ज़ी मुकदमों में फंसाया जा रहा है जबकि बीजेपी के अपने नेता और दिल्ली केंट के पूर्व विधायक कंरण सिंह तंवर पर गंभीर आरोप एनडीएमसी के अफसरों ने लगाए हैं और साथ ही पिछले साल भी तंवर पर एनडीएमसी में तैनात एक महिला डॉक्टर ने अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया था बावजूद इसके दिल्ली पुलिस तंवर पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इन सब बातों से साफ़ होता है कि दिल्ली पुलिस बीजेपी की केंद्र सरकार के इशारे पर आम आदमी पार्टी के विधायकों को ही निशाना बना रही है।
शिवसेना द्वारा महान गायक गुलाम अली के कार्यक्रम का विरोध करना अपने ही देश के मशहूर गज़ल गायक स्व: जगजीत सिंह का अपमान
मशहूर ग़ज़ल गायक गुलाम अली को पहले महाराष्ट्र सरकार द्वारा मुम्बई में कार्यक्रम करने की इजाज़त देना और फिर शिवसेना के दबाव में उसे स्थगित कर देना एक कलाकार का अपमान है। किसी कलाकार को सिर्फ इस आधार पर उसे अपनी कला का प्रदर्शन करने से रोकना कि वो किसी दूसरे मुल्क से ताल्लुक रखते हैं, यह ना केवल कला जगत बल्कि अपने साहित्य और संस्कृति का अपमान भी है। पाकिस्तानी ग़ज़ल गायक गुलाम अली भारत के ही मशहूर ग़ज़ल गायक स्व: जगजीत सिंह की याद में ये कार्यक्रम मुम्बई में करने वाले थे, शिवसेना का ये विरोध मशहूर भारतीय ग़ज़ल गायक स्व: जगजीत सिंह का भी अपमान है। अगर शिवसेना और बीजेपी पाकिस्तानी नुमाइंदों के इतना ही विरोध में हैं तो फिर क्यों मई 2014 में बीजेपी समर्थित एनडीएन सरकार ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की मौजूदगी में शपथ ली ? महाराष्ट्र की बीजेपी-शिवसेना सरकार को पहले इस बात का जवाब देना चाहिए और बाद में कलाकारों पर टिका-टिप्पणी करनी चाहिए। आम आदमी पार्टी का यह मानना है कि कला-साहित्य के प्रचार-प्रसार को मुल्कों की सरहदों के बींच नहीं बांटना चाहिए।
Comments are closed.